बिश्रामपुर। शिक्षा के क्षेत्र में संतुलन और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप युक्तियुक्तीकरण 2025 अंतर्गत शिक्षकों के स्थानांतरण हेतु तीन दिवसीय काउंसलिंग का आयोजन 1 से 3 जून तक किया गया। यह प्रक्रिया शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिश्रामपुर में सम्पन्न हुई। इस आयोजन में जिले के विभिन्न स्कूलों से अतिशेष शिक्षकों जिनमें सहायक शिक्षक, प्रधान पाठक प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक, शिक्षक व व्याख्याता ने भाग लिया। इस प्रक्रिया के अंतर्गत शिक्षकों को उनकी योग्यता, आवश्यकता और रिक्त पदों के आधार पर नई पदस्थापनाएं प्रदान की गईं।काउंसलिंग की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। काउंसलिंग के प्रत्येक चरण में प्रशासन द्वारा सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाया गया। तीसरे और अंतिम दिन कलेक्टर एस. जयवर्धन स्वयं काउंसलिंग स्थल पर पहुंचकर युक्तियुक्तकरण काउंसलिंग प्रक्रिया पश्चात नई पोस्टिंग प्राप्त 554 शिक्षकों को पदस्थापना आदेश पत्र प्रदाय किया गया।इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से संवाद भी किया।कलेक्टर एस जयवर्धन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को संतुलित और प्रभावी बनाना हम सबकी प्राथमिकता है। शिक्षकों की नई पदस्थापनाएं उनके अनुभव और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके।

Categorized in: