मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद घर वापसी की कार्रवाई में लगी पुलिस
अंबिकापुर। काम दिलाने के बहाने 16 वर्षीय किशोरी को दिल्ली में ले जाकर बेचने का मामला सामने आया है। एक महिला बिचौलिए ने ही उसे बेच दिया है। पीड़िता पिछले डेढ़ वर्ष से दिल्ली में फंसी हुई है। किशोरी मौका देखकर अपने स्वजन से संपर्क की और रोते हुए बताया कि वह देहरादून में काफी परेशानी में है। किशोरी ने स्वजन से मदद की गुहार लगाई है। शनिवार को मामले की शिकायत सीतापुर थाने में भी की गई है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही किशोरी को मुक्त कराने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेटला की एक नाबालिग लड़की को करीब डेढ़ वर्ष पूर्व गांव की ही एक महिला रायगढ़ ले गई थी, तत्समय वह कक्षा दसवीं में पढ़ाई कर रही थी। महिला उसे बेहतर काम दिलाने के बहाने ले गई थी, यहां से उसे दिल्ली ले गई। करीब डेढ़ साल बाद छात्रा को साथ ले जाने वाली महिला वापस लौट आई, लेकिन किशोरी उसके साथ नहीं आई। स्वजन जब उससे पूछताछ किए तो उसके काम में लगने की जानकारी दी। कुछ दिन पूर्व किशोरी ने अपने स्वजनं को फोन करके बताया कि वह देहरादून में है, उसे दिल्ली में बेच दिया गया था। वहां से देहरादून लाया गया है। उससे घर का काम कराया जाता है, फोन से बात करने की इजाजत नहीं है। वह वापस घर आना चाहती है, लेकिन उसे आने नहीं दिया जा रहा है। उसने रोते हुए स्वजन से कहा कि वह वापस घर आना चाहती है। मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग रोकने के लिए काम कर रही एनजीओ पथ प्रदर्शक संस्था के सदस्यों तक पहुंचा और वे पेटला पहुंचे। लड़की के स्वजन से बात करने के बाद इन्हें लेकर शनिवार को वे सीतापुर थाना पहुंचे। छात्रा को डेढ़ वर्ष पूर्व ले जाकर दिल्ली में बेचने की शिकायत पुलिस से लिखित में की गई है। सरगुजा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लड़कियों को बहला-फुसलाकर व काम दिलाने का झांसा देकर ले जाने और बड़े शहरों में बेचने का मामला पूर्व में भी आ चुका है। शिकायत पर सरगुजा पुलिस कई लोगों को वापस भी लाई है, पर कई लोग आज भी बिचौलियों के चंगुल में फंसे हुए हैं।
थाना प्रभारी ने कहा
थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि शिकायत मिली है, इससे वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। जल्द ही नाबालिग को वापस लाने की कोशिश की जाएगी।

Categorized in: