टीम के रवैये पर जताई आपत्ति, कहा-अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद करें नहीं तो सौंप देंगे चाबी
अंबिकापुर। जिले के व्यापारियों में जीएसटी की कार्रवाई को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जीएसटी की टीम कार्रवाई के नाम पर बेवजह परेशान कर रही है। शनिवार को बिलासपुर रोड स्थित लक्ष्मी ट्रेडर्स में छापा मारने जीएसटी की टीम पहुंची तो व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इधर जीएसटी की टीम कार्रवाई के लिए डटी रही।
बता दें कि पिछले कई दिनों से अंबिकापुर के कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी की टीम छापेमार कार्रवाई कर रही है। कुछ दिन पूर्व जीएसटी की टीम गोधनपुर स्थित विवेक ट्रेडर्स में छापा मार कार्रवाई की था, कार्रवाई देर रात तक चली। इस दौरान भी जीएसटी की टीम से विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। शनिवार को जीएसटी की टीम बिलासपुर रोड स्थित लक्ष्मी ट्रेडर्स दुकान में छापामार कार्रवाई करने पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही शहर सहित जिले भर के व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारी संघ ने पहले बैठक की, इसके बाद कार्रवाई स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया। कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र तिवारी ने बताया जीएसटी की टीम अनावश्क रूप से व्यापारियों को परेशान कर रही है। अनाप-शनाप पेनाल्टी वसूला जा रहा है, इससे व्यापारी वर्ग आक्रोशित है। कोविड के बाद से व्यापारी वर्ग टूट चुका है। जीएसटी के नाम पर मिस मैच बताकर अवैध वसूली किया जा रहा है। व्यापारियों ने जीएसटी अधिकारियों से मुलाकात करके जीएसटी के नाम पर किसी व्यापारी को परेशान नहीं करने का आग्रह किया है। व्यापारी संघ का कहना है कि अगर कार्रवाई नहीं रूकी तो वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों को बंद करके चाभी जीएसटी की टीम को सौंप देंगे।
बयान
सरगुजा संभाग मुख्यालय में छोटे व्यापारियों के साथ जीएसटी विभाग और इनके कर्मचारियों का व्यवहार खेदजनक है। हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहा था, इसकी वास्तविकता धरातल पर है। जीएसटी विभाग के कर्मचारी गब्बर सिंह की तर्ज पर व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। कांग्रेस सदैव छोटे-मझौले व्यापार और व्यापारियों के हित का बात करती है और इस दिशा में काम भी करती है। जीएसटी विभाग और इनके कर्मचारियों के क्रियाकलापों के विरोध में अंबिकापुर के व्यापारियों के प्रस्तावित नगरबंद का कांग्रेस पूरा समर्थन करेगी।
बालकृष्ण पाठक, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा

Categorized in: