मौका मुआयना के बाद पुलिस वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी, खेत मालिक फरार
लखनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोसगी, पंडरीपानी स्थित चुल्हट नाला में धान फसल को मवेशियों से बचाने के लिए विद्युत पोल से हुकिंग करके खेत के चारों ओर किए गए करंट प्रवाहित तार के घेरावा की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई है। सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के विष्णु मांझी पिता धनीराम 40 वर्ष ग्राम घोघरापारा कुन्नी का रहने वाला है, जो अपने ससुराल पंडरीपानी, लोसगी में रहता है। शुक्रवार को नीरसाय यादव पिता स्व. पवन साय बरगाह के घर में छानी छाने के लिए विष्णु माझी गया था। इसके बाद वह शुक्रवार की शाम को करीब 7 बजे विष्णु माझी को छोड़ने के पंडरीपानी खेत के रास्ते से जा रहा था। चुल्हट नाला के पास दोनों युवक पहुंचे ही थे कि रघु मांझी के द्वारा धान फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में विष्णु माझी आ गया, उसे बचाने के लिए नीरसाय यादव दौड़ा और विद्युत प्रवाहित तार के ऊपर ही गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार की सुबह लगभग 5.30 बजे खेत की ओर आए ग्रामीण ने इसकी सूचना गांव के सरपंच सहित पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विक्रम सिंह सहित ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। मौका जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना से स्वजन सहित गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद रघु मांझी फरार हो गया। पुलिस मामले में मर्ग कायम करके अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई है।
झटका करंट और अवैध हुकिंग रोकने पहल जरूरी
किसानों के द्वारा खेत में लगी फसल को बचाने के लिए चारों ओर झटका करंट लगाया जाता है। कुछ किसानों के द्वारा विद्युत पोल से अवैध हुकिंग करके करंट प्रवाहित तार चारों ओर लगा दिया जाता है, जो पूरी तरह से असुरक्षित और जानलेवा होता है। इस करेंट की चपेट में आने से मवेशियों को भी जान गंवानी पड़ रही है। लखनपुर क्षेत्र के ग्राम बेलदगी में झटका करंट की चपेट में आने से पूर्व में एक बैल की मौत हो चुकी है। शासन-प्रशासन को जनहानि को रोकने की पहल करनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगे।

Categorized in: