पथरी से पीड़ित महिला का होना था ऑपरेशन, सुरक्षा के लिए तैनात महिला प्रहरी निलंबित
अंबिकापुर। ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती केंद्रीय जेल में निरूद्ध विचाराधीन महिला बंदी पुलिस आरक्षक को चकमा देकर फरार हो गई। केन्द्रीय जेल में पदस्थ महिला प्रहरी की रिपोर्ट पर मणिपुर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल निरूद्ध आरोपिया के विरूद्ध एक और मामला दर्ज कर लिया है। इधर जेल प्रबंधन ने प्रथम दृष्टि में कर्तव्य के दौरान लापरवाही पाए जाने पर महिला जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरबार में हाईस्कूल के सामने रहने वाली आरती सोनी पति मनोज सोनी एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश करने के बाद 12 अप्रैल को पुलिस ने उसे केंद्रीय जेल अंबिकापुर में परिरूद्ध किया था। पथरी की शिकायत पर जेल चिकित्सक के परामर्श अनुसार उसका जांच मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। शनिवार 31 मई को पथरी का ऑपरेशन करने के लिए तिथि सुनिश्चित किया गया था। न्यायालय से अनुमति लेकर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के महिला सर्जिकल वार्ड के बेड नंबर 21 में, 30 मई की शाम को भर्ती कराया गया। वार्ड में अन्य सामान्य महिलाएं भी भर्ती थीं। महिला बंदी की देखरेख के लिए महिला जेल प्रहरी साधना एक्का रात्रि 10 से 2 बजे तक ड्यूटी में तैनात थी। जेल प्रहरी की चार घंटे की ड्यूटी पूरी हो पाती, इसके पहले रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच मौके के ताक में लगी आरती सोनी प्रहरी को चकमा देकर फरार हो गई। इसकी सूचना रात में ही जेल प्रहरी साधना एक्का ने महिला गार्ड इंर्चाज फ्लोरा लकड़ा व जेल गेट में दी। देर रात से सुबह तक चली खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। घटना की लिखित सूचना जेल प्रहरी साधना एक्का की ओर से मणिपुर थाना में दी गई है, जिस परे पुलिस ने महिला बंदी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 262 का मामला कायम कर लिया है।
बयान बाक्स में
एनडीपीएस के मामले में केंद्रीय जेल में निरूद्ध महिला बंदी को न्यायालय से अनुमति लेकर पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए 30 मई की शाम को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था। 31 मई, शनिवार को उसका ऑपरेशन होना था, इसके पहले वह फरार हो गई। इसके विरूद्ध मणिपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। मैं स्वयं सुबह 6.50 बजे स्टाफ के साथ महिला बंदी की तलाश में उसके घर तक गया था, लेकिन उसका पता नहीं चला। बताया जा रहा है, उसका कई ठिकाना है। फरार महिला बंदी के खोजबीन का प्रयास चल रहा है। मामले में लापरवाही बरतने पर जेल प्रहरी साधना एक्का को निलम्बित किया गया है।
अक्षय सिंह, अधीक्षक
केंद्रीय जेल अंबिकापुर

Categorized in: