अंबिकापुर। रिश्तेदार ने सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते में अपना मोबाइल नम्बर लिंक कराकर 6 लाख 42 हजार 431 रुपये की चपत लगा दी। इसकी जानकारी उन्हें उस समय मिली, जब वे अपने पुत्र के साथ बैंक में रुपये निकालने के लिए गए थे। बैंक खाता में रुपये नहीं होने की बात सुनकर वे हैरान रह गए। उन्हें पता चला कि उनके खाता से अन्य खाते में भी रुपये ट्रांसफर किया गया है। रिपोर्ट पर सूरजपुर पुलिस थाना में आरोपी रिश्तेदार के विरूद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस चैकी बसदेई अंतर्गम ग्राम भवराही के सेवानिवृत्त शिक्षक अब्दुल हकीम पिता समसुददीन अली 77 साल ने बसदेई पुलिस चैकी में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वे वर्ष 2012 में उच्च वर्ग शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्त होने के पूर्व से उनका भारतीय स्टेट बैंक शाखा भैयाथान में खाता है, जिसमें उनके सेवानिवृत्ति के दौरान मिला रुपये जमा था और पेंशन की रकम भी इसी खाते में हर माह जमा होते आ रहा है। बुजुर्ग अवस्था होने के कारण वे अपनी साली के लड़के साजिद रजा पिता दिलशाद निवासी सोनपुर को अपने साथ रूपये निकालने आना-जाना करते थे। साजीद रजा के साथ वे टीएम तथा बैंक से नगद एवं चेक के माध्यम से रुपये निकलवाते थे। साजीद रजा को उनके एटीएम का पासवर्ड मालूम था। सेवानिवृत्त शिक्षक ने बताया है कि उनके छोटा मोबाइल में खाता से रुपये निकालने का मैसेज आता था, किन्तु वे देख नहीं पाते थे। साजिद रजा ही उनके बैंक खाता के लेनदेन और शेष राशि को देखकर इसकी जानकारी उन्हें देता था। इसी बीच साजिद ने उनके बैंक खाता में अपने मोबाइल नम्बर लिंक करा दिया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। 20 मई को जब वे रुपये निकालने अपने पुत्र मोहम्मद सब्बीर के साथ भैयाथान बैंक गए तो पता चला कि उनके बैंक खाता में रुपये नहीं है। बैंक अधिकारी से खाता के बारे में विवरण निकलवाने पर पता चला कि 13.01.2025 से 18.05.2025 के बीच उनके खाता से मोबाइल नम्बर व फोन पे के माध्यम से लगभग 6 लाख 42 हजार 431 रुपये साजिद रजा ने अपने बैंक खाता में ट्रांसफर कर लिया है। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: