राजेन्द्र ठाकुर/ बलरामपुर 

बलरामपुर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत बलरामपुर जिले में गर्भवती माताओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व सुविधाएं प्रदान की गईं। इस विशेष अभियान में जिलेभर के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यापक तैयारियों के साथ जांच शिविर लगाए गए, जिसमें कुल 1678 गर्भवती माताओं की प्रसव पूर्व जांच की गई।
जिला कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार कटारा व जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई थी। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।डॉ. सिंह ने जानकारी दी कि आज की जांच में 368 गर्भवती माताओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था (High-Risk Pregnancy) की श्रेणी में चिन्हित किया गया है, जिन्हें नियमित फॉलोअप व विशेष देखभाल प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान के दौरान 114 गर्भवती माताओं को नि:शुल्क सोनोग्राफी की सुविधा प्रदान की गई। विशेष रूप से वाड्रफनगर विकासखंड में बलदेव हॉस्पिटल, जो विभाग के साथ अनुबंधित है, ने भी इस दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग किया।सरगुजा अंबिकापुर से आमंत्रित स्त्री रोग विशेषज्ञों व जिले के चिकित्सकों की देखरेख में माताओं की समग्र जांच की गई। सभी अस्पतालों में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, रक्त व मूत्र जांच, मलेरिया परीक्षण सहित अन्य जरूरी जांचें की गईं।जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री स्मृति एक्का ने बताया कि चौथे से नवें महीने तक की गर्भवती माताओं को विशेषज्ञों की निगरानी में जांच और सलाह दी गई। मितानिन बहनों की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने सूचीबद्ध गर्भवती माताओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।चिन्हित उच्च जोखिम माताओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है, साथ ही उनके प्रसव और शिशु के तीन माह तक की संपूर्ण देखभाल के निर्देश जिला स्तर के अधिकारियों को दिए गए हैं।
इस अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने समर्पण के साथ कार्य किया और यह सुनिश्चित किया कि मातृ स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो।

Categorized in: