अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाकर इनके आधार कार्ड सहित अन्य पहचान पत्रों की जांच की। शहर के श्रीगढ़, नवागढ़, तकिया सहित अन्य संभावित स्थलों में 04 पुलिस टीम ने 150 से अधिक मकानों में निवासरत लोगों से पूछताछ किया। अभी तक की कार्रवाई में कोई अवैध प्रवासी नहीं मिला है। यह अभियान जिले के प्रत्येक थाना, चौकी क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले में मजबूत $कानून व्यवस्था कायम रखने एवं अपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना, चौकी क्षेत्रों में निचली बस्तियों, किराएदारों एवं अंदरूनी कॉलोनियों में निवासरत लोगों के बीच जाकर सघन जांच कर अवैध प्रवासियों की पहचान करने व संदिग्धों के विरुद्ध सख्त विधिसंगत कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गंत 04 अलग-अलग पुलिस टीम तैयार करके शहर के श्रीगढ़, नवागढ़, तकिया सहित अन्य संभावित स्थलों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान अंतर्गत 20 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा उल्लेखित बस्तियों के मकानों में जाकर निवासरत लोगों से उनका पहचान पत्र मांगा गया और आधार कार्ड, राशन कार्ड व अन्य पहचान पत्रों की जांच की। 150 मकानों में निवासरत लगभग 400 से अधिक व्यक्तियों के पहचान पत्र के सत्यापन पश्चात इन्हें अपने-अपने क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों के निवास करने की सूचना तत्काल पुलिस को देने की हिदायत दी गई। जांच में अभी तक कोई भी संदिग्ध या अवैध प्रवासी की पहचान नहीं हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि अपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसी जा सके। अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली मनीष सिंह परिहार, सउनि विनय सिंह, अभिषेक दुबे, देवनारायण यादव, मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, सदरक लकड़ा, शत्रुधन सिंह, सुशांत यादव, अमरेश दास, ओमप्रकाश गुप्ता, एहसान फिरदौसी, सियम्बर, श्याम कुमार, जगेश्वर तिर्की, अमरेश सिंह, सैनिक दशरथ गुप्ता एवं थाना गांधीनगर से सउनि विपिन तिवारी, आरक्षक बृजेश राय, पवन यादव, प्रेमचंद राजवाड़े, महिला त्रिलोचनी राजवाड़े सक्रिय रहे।

Categorized in: