अंबिकापुर। बतौली पुलिस ने दंपती के संयुक्त बैंक खाता से छलपूर्वक 3 लाख 64 हजार रुपये अपने खाता में ऑनलाइन ट्रांसफर करने के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तार करके न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट दंपती के पुत्र ने बतौली थाना में दर्ज कराई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा पुलिस द्वारा धोखाधड़ी और साइबर अपराध में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में थाना बतौली पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हेमन्त कुमार पैंकरा निवासी सिलमा ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके पिता होसराम व माता धनेश्वरी के नाम पर एचडीएफसी बैंक शाखा अंबिकापुर में ज्वाइंट खाता खुलवाने ग्राम सिलमा निवासी लालचंद उर्फ गौतम प्रजापति 35 वर्ष मदद कर रहा था। बैंक खाते में केसीसी लोन का 4 लाख 64 हजार रुपये पास हुआ था। बैंक खाते से खाताधारक के द्वारा 06.06.2023 को 49 हजार 500 रुपये और 17.08.2023 को 50 हजार रुपये आहरण किया गया, इस दौरान लालचंद सहयोग करता था। नवम्बर 2024 में एचडीएफसी बैंक वाले आए और बताए कि उन्हें लोन की राशि सहित कुल 06 लाख रुपये पटाना है और खाते में पैसे नहीं हैं, जबकि बैंक खाते से प्रार्थी पक्ष द्वारा 99 हजार 500 रुपये मात्र आहरण किया गया था। बैंक के कर्मचारियों ने बताया कि उसके खाते से लालचंद प्रजापति नामक व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर हुआ है। इसके बाद पता चला कि बैंक के काम में सहयोग करने वाला लालचंद प्रजापति ही दस्तावेजों में छलपूर्वक हस्ताक्षर करके और ओटीपी लेकर 3 लाख 64 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर किया है। पुलिस ने आरोपी लालचंद उर्फ गौतम प्रजापति 35 वर्ष, निवासी सिलमा पटेलपारा के तलाश में लगी थी, जिसे घर से घेराबंदी करके पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने दंपती के बैंक खाते में जमा राशि को अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रकरण के निराकरण में थाना बतौली से उपनिरीक्षक सीपी तिवारी, सउनि संजय तिवारी, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, फलेन्द्र पैंकरा, आरक्षक राजेश खलखो, जयनाथ, भगलू राम, संतोष, वरदान, विजय व इजहार सक्रिय रहे।

Categorized in: