बिश्रामपुर। एसईसीएल बिश्रामपुर के गायत्री खदान में रविवार को द्वितीय पाली में शाम सवा पांच बजे के करीब खदान में लिफ्टर का काम करने वाले हरप्रीत सिंह रिंकू और उसके साथी अविनाश व आकाश पांडेय ने खदान के कांटाघर में जबरन प्रवेश कर डीओ के कोटा की बात को लेकर खदान के रोड सेल इंचार्ज सुभाष कुमार नायक को गाली गलौज करते हुए पिटाई कर दी। आरोपियों ने इंचार्ज को खदान से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। मारपीट की घटना से डरे सहमे रोड सेल इंचार्ज ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक व सब एरिया मैनेजर को पत्र लिख सम्पूर्ण मामले से अवगत करा दोषी लिफ्टरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। खदान के रोड सेल इंचार्ज ने प्रबंधन को प्रेषित शिकायत में उल्लेख किया है कि खदान में लिफ्टिंग का काम करने वाले हरप्रीत सिंह रिंकू अविनाश पांडेय, आकाश पांडेय व उनके साथियों द्वारा कई बार रोड सेल कार्य में लगे कर्मचारियों को अक्सर गाली गलौज कर धमकाया जाता है, जिसकी मौखिक सूचना कई बार खदान के मैनेजर और सहक्षेत्र प्रबंधक को दी जा चुकी है। संबंधितों द्वारा खदान के भीतर कर्मचारियों से बिना वजह बार बार विवाद करने भय व दहशत का माहौल निर्मित करने से कोल डिस्पैच का कार्य बाधित होता है। शिकायत पत्र में रोड सेल इंचार्ज ने उल्लेख किया है कि उनके साथ हुए मारपीट और गाली गलौज के घटना की पूरी रिकॉर्डिंग कांटा घर में लगे सीसी टीवी कैमरे में रिकॉर्ड है, जिसकी जांच कर मारपीट के आरोपित लिफ्टरों के ऊपर सख्त कार्यवाही की जाए ताकि कोल डिस्पैच कार्य में लगे कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। जब तक उक्त विषय का निराकरण नहीं होता है, तब तक कोल डिस्पैच में लगे कर्मचारी कार्य करने से असमर्थ रहेंगे। बताया जा रहा है कि कल की घटना के विरोध में खदान के रोड सेल में लगे कर्मचारियों ने आज दूसरे दिन सोमवार को कोल डिस्पैच का कार्य ठप कर दिया, जिसके बाद खदान पहुंचे सब एरिया मैनेजर, सेल्स मैनेजर सहित खदान के अधिकारियों ने तीनों लिफ्टरों को मौके पर बुलाकर रोड सेल इंचार्ज के समक्ष माफी मंगवाया और दुबारा ऐसी हरकत नहीं करने चेतावनी दी, जिसके बाद दोपहर दो बजे के बाद खदान से कोयला डिस्पैच का कार्य शुरू हो गया है

Categorized in: