अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र में ट्रेक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। मृतक ट्रेक्टर से अपने ससुराल ग्राम वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। इस खबर के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गहिला सिकटापारा निवासी श्रीराम ने पुलिस को बताया है कि 11 मई को दोपहर लगभग एक बजे उसका लड़का अनिल कुमार सिंह अपने ट्रेक्टर से ससुराल ग्राम नवापाराकला, थाना दरिमा जाने के लिए निकला था। नावापाराकला में सीसी रोड से लगे बिजोरा तालाब, पुलिया के पास मोड़ में अपरान्ह लगभग 3 बजे अनियंत्रित होकर ट्रेक्टर पलट गई, जिसमें अनिल दब गया, और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि मोटरसायकल नहीं मिलने पर युवक अपने ससुराल जाने के लिए ट्रैक्टर से ही निकल गया था और रास्ते में दर्दनाक हादसे में उसकी मौत हो गई। ट्रेक्टर पलटने की खबर मिलते ही दरिमा थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेक्टर में दबे युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचवाया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: