रामानुजनगर। सूरजपुर जिला के रामानुजनगर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने कीमती जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके चोरी किए गए सोना-चांदी के जेवरात को बरामद कर लिया है। रामानुजनगर निवासी वैभव माहेश्वरी पिता स्व. राजकिशोर माहेश्वरी 40 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि 6 मई की शाम 5 बजे वे अपने निजी काम से कार्य हेतु लखनऊ गए थे। 11 मई की सुबह 5.30 बजे रामानुजनगर वापस लौटे तो घर के पीछे का ताला टूटा था और सामान बिखरा हुआ था। चोर सोना-चांदी के जेवरात, सिक्का, मूर्ति सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 305, 331(3) बीएनएस का मामला पंजीबद्ध किया था। डीआईजी व एसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए चोरों की पतासाजी के निर्देश दिए थे। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने वैभव माहेश्वरी के घर की तलाशी ली तो सोने का चेन घर में ही मिला और अन्य जेवरात चोरी होना पाया गया। पुलिस ने चोरी के मामले में पूर्व में चालान हो चुके आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस ने संदेही शिवप्रसाद साहू उर्फ तन्नू साहू पिता स्व. मानिकचंद साहू 20 वर्ष एवं मिथलेश पाण्डेय उर्फ रवि पिता नर्मदा प्रसाद पाण्डेय 20 वर्ष, दोनों निवासी रामानुजनगर की गतिविधियां संदिग्ध होने पर दबिश देकर इन्हें हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने 09 मई की रात को घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने और अलमारी में रखे सोना-चांदी का जेवर चोरी करके आपस में बांट लेने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर 1 चांदी जैसे धातु का मंदिर, सोना का 2 बाली, 3 सोने का नाक का फुल्ली, 2 टूटा हुआ सोने का चेन, 2 चांदी जैसे धातु का तुलसी पौधा, 5 नग चांदी धातु का पायल, 6 नग चांदी का कड़ा, 1 चांदी का छल्ला, 3 चांदी का सिक्का, 7 चांदी बिछिया, 1 चांदी का मुकुटनुमा मूर्ति का हिस्सा, घटना में प्रयुक्त पेचकस और चाबी जप्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी पूर्व में चोरी के दो मामलों में चालान हो चुके है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र साहू, एएसआई मनोज पोर्ते, आरक्षक दीपक यादव, सैनिक देवचंद पाण्डेय, पंकज पटेल व रजनीश पटेल सक्रिय रहे।

Categorized in: