उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर मुख्यालय अंतर्गत रामगढ़ पहाड़ी पर डुमरिया निवासी एक किशोरी बंदरों के भय से 150 फिट खाई में गिर गई। इसकी खबर मिलने पर मौके पर पुलिस और रेस्क्यू टीम पहुंची। बच्ची को 3 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। बालिका को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम डुमरिया की बेबी राजवाड़े पिता तुलेश्वर राजवाड़े 11 वर्ष पूजा-पाठ के लिए रामगढ़ पहाड़ी में अपने स्वजन के साथ आई थी। सुबह 9 बजे चंदन तालाब के पास अचानक बंदरों को देखकर बालिका डर गई और अनिंयत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। बालिका के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों का ध्यान उसकी ओर गया और तत्काल उदयपुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद रामगढ़ सेवा समिति व वन विभाग, पुलिस की संयुक्त टीम ने बच्ची को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिल पाई। इसके बाद रामनगर के सरपंच प्रदीप सिंह मरकाम व अन्य के सहयोग से एंबुलेंस से बालिका को सीएचसी उदयपुर लाकर भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू में पुलिस थाना उदयपुर से एएसआई आभास मिंज, आरक्षक अजय शर्मा, रामगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष मंगल दास, सचिव दीनानाथ यदुवंशी सहित अन्य शामिल रहे।

Categorized in: