अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत बारात में गए एक युवक की बेहोश होते तक डीजे का संचालन कर रहे व्यक्ति सहित अन्य ने पिटाई कर दी। मारपीट में बनी गंभीर स्थिति के बाद उसका उपचार अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
ग्राम लक्ष्मीपुर ढोढापारा निवासी गुलाल राजवाड़े पिता स्व. कुंवर साय राजवाड़े ने पुलिस को बताया है कि 01 मई को उसका लड़का शिवनन्दन राजवाड़े अपने दोस्त लालकेश्वर राजवाड़े, नरेन्द्र राजवाड़े के साथ सोनगरा सारसताल बारात गया था। रात करीब 12.30 बजे सभी बज रहे डीजे के आसपास डांस कर रहे थे। शिवनन्दन डीजे लगे पिकअप वाहन के पीछे पैर में लगे घाव को देख रहा था। इस दौरान वहां पर उपस्थित किसी व्यक्ति ने पिकअप वाहन का हवा खोलने की बात कहकर डीजे संचालक को मारपीट करने के लिए उकसाया और डीजे संचालक कृष्णा राजवाड़े बिना सोचे-समझे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर ईंट के टुकड़ा से शिवनन्दन के साथ मारपीट करने लगा। इसी बीच डीजे का मालिक रामकुमार राजवाड़े भी आया और वह भी कृष्णा राजवाड़े का साथ देते हुए हाथ, मुक्का, लात से शिवनन्दन की बेदम पिटाई कर दिए, जिसमें वह बेहोश हो गया। घटना की जानकारी लालकेश्वर राजवाड़े ने फोन करके शिवनन्दन के पिता गुलाल राजवाड़े को दी। इसके बाद वह अपने पुत्र को सोनगरा में स्थित शासकीय अस्पताल ले गया, यहां से रिफर करने पर उसे होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया था, जहां उसका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: