अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के रामानुजनगर थाना अंतर्गत आमगांव ओपन कास्ट खदान में ब्लास्टिंग की तैयारी के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
रायगढ़ जिला के पुसौर थाना अंतर्गत ग्राम बड़े भंडार निवासी प्रबंधक खनन नकुल प्रसाद साव पिता शरधा राम साव, वर्तमान ठिकाना आमगांव ओपन कास्ट खदान थाना रामानुजनगर ने लिखित में पुलिस को जानकारी दी है कि 23 अपै्रल को शाम लगभग 05 बजे वह अपने साथी रकीब अंसारी ओव्हर मैन व गोपाल सिंह माइनिंग सरदार के साथ ब्लास्टिंग की तैयारी करवा रहे थे। इस दौरान आर्शीवाद कैम्प के पास से आने जाने वाले लोगों को रोका जा रहा था। इसी बीच ग्राम पटना की ओर से कौशलेन्द्र सिंह, अनिल सिंह व एक अन्य व्यक्ति मोटरसायकल में पहुंचे, इन्हें रोकने का उन्होंने प्रयास किया तो शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए तीनों गाली-गलौज करने लगे। गाली-गलौज करने से मना करने पर तीनों आवेशित हो गए और हाथ-मुक्का से मारपीट करते हुए दुबारा रास्ता रोकने पर जान से मारकर खत्म कर देने की धमकी दी। मारपीट में प्रबंधक खनन को चोटें आई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 221, 132, 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: