अंबिकापुर। शराब की लत से कब किसका घर कैसे उजड़ जाएगा, कह पाना मुश्किल है। ऐसे मामले आए दिन सामने आ रहे हैं, कहीं पति अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार रहा है, तो कभी आपसी खटपट में अपना ही खून दुश्मन बन जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में शराब पीने के लिए पत्नी ने रुपये नहीं दिए तो पति ने उसकी पिटाई कर दी। पत्नी बेहोश हो गई तो सिर चढ़कर बोल रहा नशा चटक गया और पति घर के छत से छलांग लगा गया। पत्नी तो बेहोशी से उबर गई लेकिन पति ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के रघुनाथनगर का भगदर परासिया पिता मनबहोरन परासिया 50 वर्ष, 16 अप्रैल की रात को लगभग 8 बजे गांव में शराब पिया और रुपये खत्म होने के बाद घर आ गया। घर आने के बाद वह अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा, जिस पर उसने रुपये नहीं होने की बात कही। इसके बाद भी वह रुपये देने की बात पर अड़ा था। पत्नी के द्वारा रुपये देने से मना करने पर वह उसके साथ मारपीट करने लगा, जिससे वह बेहोश हो गई थी। पत्नी को बेहोशी की हालत में देखने के बाद उसका नशा फुर्र हो गया और वह घर के छत में जाकर नीचे छलांग लगा दिया। छत से छलांग लगाते उसे आसपास के लोगों ने देखा और शोर मचाकर घर के लोगों को सचेत किया। पत्नी तो बेसुध पड़ी थी, जब तक उसे कुछ पता चल पाता, उसके पति को अस्पताल ले जाने की नौबत बन गई। मारपीट में बेहोश हुई महिला को कुछ देर बाद होश आया, तो वह पति के द्वारा मारपीट करने की बात कही। जब उसे पति के छत से कूदने का पता चला तो वह भौचक रह गई। रघुनाथनगर स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने पर अधेड़ को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर स्वजन पहुंचे, यहां गुरूवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। मामले में फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर ली है।

Categorized in: