अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर में ज्वेलरी दुकान के संचालक को सोने जैसा नकली मोहर देकर 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। आरोपी रुपये की जरूरत होने की बात कहकर नकली मोहर देकर उधार में रुपये लिया था।
नगर पंचायत प्रतापपुर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से सोना-चांदी के दुकान का संचालन करनेवाले विवेक कुमार सोनी पिता गिरजा शंकर सोनी 28 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 13 कदमपारा प्रतापपुर ने पुलिस को बताया है कि 27 जनवरी 2024, शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे दुकान में हरियाणा प्रांत का धारा नायक पिता भैरुतात नायक आया और बताया कि वह ग्राम सरहरी में अस्थायी रूप से रहकर बकरी खरीद-बिक्री का काम करता है। इसके बाद वह सोने का लॉकेट हालमार्क लगा हुआ दिखाया, जिसे वह स्वयं के पूर्वजों का होना बताया था। आरोपी पत्नी की गंभीर बीमारी के इलाज हेतु तत्काल रुपये की आवश्यकता होने की बात कहकर हालमार्क लगा सोने का 07 नग मोहर, वजन करीब 70 ग्राम देकर 2 लाख 50 हजार रुपये उधार मांगा। आरोपी पूर्व में भी उनके दुकान में आकर एक-दो बार पहले भी बीमारी का चर्चा किया था और अपना सामान गिरवी रखकर उधार लिया था। समय पर पैसा भी वापस कर देने के कारण विश्वास में आकर उन्होंने 27 जनवरी 2024 को धारा नायक के द्वारा दिए गए सोने का 07 नग मोहर अपने पास रखकर धारा नायक को 2 लाख 50 हजार रुपये नगद दे दिया और उसका आधार कार्ड, अंगूठे का निशान व हस्ताक्षर लिया था। धारा नायक दुकान संचालक को अपना मोबाइल नंबर भी दिया था, जिस पर कुछ दिन तक उनसे बातचीत हुआ, किन्तु कुछ समय के बाद उसका मोबाइल नंबर बंद बताने लगा। संदेह होने पर जब दुकान संचालक ने धारा नायक के द्वारा दिए गए सोने के मोहर को चेक किया तो वह नकली निकला। अपने स्तर पर उक्त व्यक्ति को तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: