अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के सामरी थाना अंतर्गत फुफेरे भाईयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक मौके पर ही दम तोड़ दिया था, दूसरे की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान सांस थम गई। बताया जा रहा है कि बाइक में सवार दोनों भाई पहले साइन बोर्ड से टकराए थे, बाद में हाइवा से इनकी टक्कर हो गई थी, दोनों को गंभीर चोटें आई थी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कुटकू निवासी संदीप नगेसिया पिता मनोज राम नगेसिया 28 वर्ष के बहन की शादी थी। 7 अप्रैल की शाम को लगभग 5.30 बजे वह फुफेरे भाई दीपू नगेसिया 22 वर्ष के साथ शादी का कार्ड बांटने राजपुर की ओर आया था। दोनों रात में अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम पाढ़ी में रूक गए थे। अगले दिन 8 मार्च को दोनों कार्ड बांटते हुए देर शाम घर की ओर लौट रहे थे। रात लगभग 8.30 बजे कुसमी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग में ग्राम करकली के पास तेज गति में इनकी टक्कर लोक निर्माण विभाग के साइन बोर्ड से हो गई थी, इसके बाद वे बाइक सहित हाइवा के पीछे घुस गए थे। दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई थी। इन्हें कुसमी स्थित स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां से जांच के बाद चिकित्सक ने दीपू नगेसिया को मृत घोषित कर दिया था। संदीप नगेसिया को बेहतर उपचार के लिए चिकित्सक ने रिफर कर दिया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान देर रात 2.30 बजे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फुफेरे भाईयों की मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं शादी की खुशियां मातम में बदल गई है

Categorized in: