अंबिकापुर। दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने बताया कि लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसोड़ीकला का टेपलाल राजवाड़े (40) व उसका भाई दुबेलाल अलग-अलग मोटरसाइकिल से ग्राम तेलईकछार में रहने वाले दलसाय के यहां बच्चे के अन्नप्रासन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोनों अपनी-अपनी मोटरसाइकिल में घर आने के लिए निकले। दुबेलाल घर पहुंच गया लेकिन टेपलाल घर नहीं पहुंचा था। तीन फरवरी को भाई दुबेलाल को सुखरी में टेपलाल के एक्सीडेंट होने की जानकारी मिली। जब वे राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर पहुंचे तो टेपलाल की मौत हो गई थी। दूसरी घटना में रेलवे स्टेशन के पहले पेट्रोल पंप के पास हुई दुर्घटना में गांधीनगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर अजिरमा निवासी विमलेश कश्यप पिता स्व.दिनेश (20) की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई कमलेश कश्यप ने पुलिस को बताया कि वह दो फरवरी को शाम करीब साढ़े चार बजे होलीक्रास स्कूल के पास न्यू महामाया इंजीनियरिंग वर्कशाप में काम कर रहा था। इसी दौरान सेठ के भतीजे आकाश ने जानकारी दी कि उसके भाई विमलेश का एक्सीडेंट हो गया है। मेडिकल कालेज अस्पताल से फोन आया था, संजीवनी 108 से उसे अस्पताल ले गए हैं। जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसका भाई बातचीत नहीं कर रहा था। शाम छह बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Categorized in: