पूर्व मंत्री अमरजीत भगत करेंगे जांच दल का नेतृत्व

अंबिकापुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संजय वन वाटिका में 15 हिरणों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की जांच हेतु एक जांच कमेटी का गठन किया है। पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में गठित 6 सदस्यों के जांच दल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के महामंत्री हेमंत तिवारी और अनूप मेहता को शामिल किया गया है।

संजय वन वाटिका में आवारा कुत्तों के हमले से हिरणों की मृत्यु को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि विष्णुदेव सरकार जंगल के साथ ही जंगली जीव-जंतुओं की रक्षा में विफल रही है। उन्होंने कहा था कि बड़े अधिकारियों को जवाबदेही से बचाने के लिए छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश उपरांत बुधवार को जांच दल ने बैठक करके जांच के बिंदु निर्धारित कर लिए हैं। शीघ्र ही जांच दल मौके पर जाकर संबंधित पक्षों से मुलाकात करेगा और अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगा।

Categorized in: