अंबिकापुर. यूपी से जड़ी-बूटी बेचने आई एक नाबालिग लडक़ी को उसके परिचित द्वारा अपहरण कर लिया गया। इस माले में लडक़ी के परिजन ने मणिपुर चौकी प्रभारी पर ३० हजार रुपए लेकर अपराध दर्ज करने व उसे तलाश करने के लिए १२ हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है। इसके बावजूद लडक़ी का आज तक पता नहीं चल सका है। लडक़ी के परिजन ने २३ मार्च को इसकी शिकायत आईजी से भी की थी, फिर भी न तो नाबालिग की तलाश की गई है और न ही अवैध वसूली करने वाले चौकी प्रभारी पर कोई कार्रवाई की गई है। लडक़ी के पिता ने उक्त रुपए अपनी पत्नी के सोने के जेवर बेच कर चौकी प्रभारी को दिए थे।
जानकारी के अनुसार छोटे सिंह पिता सुजानी सिंह यूपी के जोलपुर का रहने वाला है। यह अपने परिवार के साथ जड़ी-बूटी बेचने का काम करता है। कुछ माह पूर्व ही वह जड़ी-बूटी बेचने अंबिकापुर आया है। उसके साथ उसकी १२ वर्ष की पुत्री भी थी। परिवार के सभी लोग टेंट लगाकर लक्ष्मीपुर में रहते हैं। १ मार्च की रात को लडक़ी के परिचित द्वारा उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले जाया गया।
रुपए लेकर लिखी गई रिपोर्ट
लडक़ी के पिता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने मणिपुर चौकी पहुंचे तो प्रभारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। तीन दिन तक घूमाने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने के लिए ५० हजार रुपए की मांग की गई। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही। परेशान पिता ने अपनी पत्नी के सोने के जेवर शहर के कन्हैया अलंकार मंदिर में बेच कर ३० हजार रुपए चौकी प्रभारी को देने आरोप लगाया है। वहीं पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी का मोबाइल नंबर जांच के नाम पर २ हजार रुपए लिया गया। इसके बाद चौकी प्रभारी ने परिजन को बताया कि उसका लोकेशन रायपुर बता रहा है। रायपुर जाने के नाम पर १० हजार रुपए और लेने का आरोप लगाया है। इसके बावजूद भी लडक़ी की तलाश नहीं की गई।
आईजी से भी कर चुके हैं शिकायत
लडक़ी के पिता ने अपनी बेटी के अपहरण व मणिपुर चौकी प्रभारी द्वारा रुपए की अवैध वसूली करने की शिकायत आईजी से की है। २३ मार्च को आईजी से गुहार लगाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर लडक़ी के माता-पिता काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि मेरा जेवर भी चला गया और मेरी पुत्री भी वापस नहीं लौटी।

Categorized in: