मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत स्वीकृति, सरगवां में पुष्पवाटिका के विकास के लिए 2.39 करोड़ स्वीकृत

अंबिकापुर। मां महामाया सरगुजा के आस्था की प्रतीक हैं। यहां हर दिन श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते हैं। नवरात्र में लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता की पूजा-अर्चना कर मन्नत मांगते हैं। शासन द्वारा हर साल श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबिकापुर में मां महामाया कॉरीडोर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए भव्य प्रवेश द्वार से लेकर लाइटिंग, पार्किंग, आधुनिक शौचालय व स्वच्छ पेयजल की सुविधा विकसित की जानी है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत मां महामाया कॉरीडोर के लिए शासन द्वारा 11 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही कॉरीडोर के काम में तेजी आएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत शासन द्वारा अंबिकापुर नगर निगम में दो कार्यों के लिए 13 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 11 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से मां महामाया कॉरीडोर का निर्माण किया जाना है, वहीं 2 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से पुष्पवाटिका सरगवां पार्क का विकास एवं जल आपूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वर्तमान में मां महामाया मंदिर के लिए एक भव्य कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें भक्तों के लिए सुंदर प्रवेश द्वार, लाइटिंग, पार्किंग, आधुनिक शौचालय और पेयजल की व्यवस्था शामिल है। यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और मंदिर को एक प्रमुख आकर्षण बनाना है। मां महामाया कॉरीडोर के तहत 49.30 लाख की लागत से 60 फीट चौड़ा और 23 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार बनाया गया है, इसका भूमिपूजन सितंबर 2023 में हुआ था। प्रवेश द्वार के बाद मंदिर तक के मार्ग को आकर्षक और स्वच्छ बनाने के लिए कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।

विकसित होंगी ये अतिरिक्त सुविधाएं
योजना में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक शौचालय, पेयजल, पार्किंग और ठहरने की विशेष व्यवस्था भी शामिल है। इस परियोजना के लिए नगर निगम, राज्य सरकार और स्थानीय नेताओं ने प्रयास किया है। प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किया जा चुका है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मां महामाया नगर सहित जिले भर की आस्था की प्रतीक हैं। शहर व सरगुजा जिले समेत अन्य जिलों व राज्यों के लोग भी यहां माता के दर्शन करने आते हैं। यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और मंदिर को एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगा।

यह है मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत छत्तीसगढ़ के शहरों में आइकॉनिक विकास कार्यों के लिए राज्य शासन ने इस साल से मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना की शुरुआत की है। इसके तहत शहरों में मजबूत अधोसंरचना के विकास के बड़े काम मंजूर किए जा रहे हैं।

 

 

 

Categorized in: