अंबिकापुर। प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा 18 माह के कार्यकाल दौरान चौथी बार विद्युत दरों में की गई वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर, ग्रामीण एवं दरिमा के द्वारा संयुक्त रुप से विद्युत कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। पुलिस के द्वारा की गई बैरीकेडिंग की व्यवस्था को ध्वस्त करके कांग्रेस के कार्यकर्ता बिजली विभाग के कार्यालय तक पहुंच गए।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के दरों में 20 पैसे प्रति यूनिट, गैर घरेलू उपभोक्ताओं के दरों में 25 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। सर्वाधिक वृद्धि किसानों के कृषि पंप के बिल में की गई है, जो 50 पैसे प्रति यूनिट है। इसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘बिजली न्यायÓ के नाम से चरणबद्ध आन्दोलन का निर्णय किया हैं। इसके तहत 16 से 18 जुलाई तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के द्वारा विद्युत कार्यालयों का घेराव किया गया। तीनों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा संयुक्त रुप से आयोजित इस घेराव के लिए कांग्रेसजन रैली के रुप में नारा लगाते हुए राजीव भवन से सहायक यंत्री कार्यालय की ओर रवाना हुए और सात सूत्रिय मांगों का ज्ञापन दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अंबिकापुर शहर के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अंबिकापुर शहर को पूर्व उपमुख्यमंत्री के द्वारा 2 बड़े सब स्टेशन की सौगात दी गई थी। इसका शिलान्यास भी हो चुका है। भाजपा की सरकार आने के बाद पुन: मोदीजी से इसका शिलान्यास करवाया गया, लेकिन आज तक इसका कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है जो दुखद है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली की कीमतें बढ़ा कर केवल वसूली न करे, आधारभूत ढांचे को भी मजबूत करे। ‘बिजली न्यायÓ आन्दोलन के तहत सरगुजा जिले में ब्लॉक कांग्रेस के स्तर पर विद्युत कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम पूर्ण हो चुका है। 22 जुलाई को जिला स्तर पर डीई कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी के साथ सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटिया शामिल होंगी। रैली में अजय अग्रवाल, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेन्द्र मिश्रा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, संजय विश्वकर्मा, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, इंद्रजीत धंजल, नारद गुप्ता, मदन जायसवाल, रशीद अहमद, विकल झा, आशीष जायसवाल, लोकेश कुमार, शुभम जायसवाल, वेद प्रकाश शर्मा, शंकर प्रजापति, सोहन जायसवाल, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निक्की खान सहित बडी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
लापरवाही से हुई मौत, एक करोड़ दें मुआवजा
ज्ञापन में मांग की गई है कि सरकार विद्युत दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने के साथ ही साथ पूरे प्रदेश में ध्वस्त हो चुकी विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने, स्मार्ट मीटरों को वापस लेने, कांग्रेस के शासनकाल में अंबिकापुर शहर सहित सरगुजा जिले के लिए स्वीकृत विद्युत परियोजनाओं पर तत्काल कार्य प्रारंभ करने, विद्युत विभाग की लापरवाही से जान गंवाने वाले सुरेश सोनी के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा राशि देने के साथ ही साथ दोषी विद्युत अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा चलाकर उन्हें सजा दिलने की मांग की गई है।
भाजपा के नेताओं की सोच अमानवीय-पाठक
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा के नेताओं का यह कहना कि विद्युत दरों में वृद्धि मामूली है, इससे फर्क नहीं पड़ेगा, पूरी तरह अमानवीय सोच है। प्रदेश सरकार ने 18 माह के अपने कार्यकाल में 4 बार बिजली की कीमतों में वृद्धि करते हुए कुल 80 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है। एक सामान्य परिवार जो महीने में 300 यूनिट बिजली की खपत करता है, उस पर सीधे 240 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इस पर कर और अधिभार आदि को जोड़ने पर यह राशि और बढ़ जाएगी। सरकार एक तरफ कीमत बढ़ाकर आमजन पर बोझ डाल रही है, वहीं विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आ रही है।

Categorized in: