घरों व फसलों को भी हाथी पहुंचा रहे नुकसान, ग्रामीणों में बन रही दहशत की स्थिति

अंबिकापुर। सरगुजा में हाथियों का उत्पात धीरे-धीरे कहर बनते जा रहा है। जिले के अलग-अलग इलाके में कई दल में हाथियों का विचरण होने से ग्रामीण दहशत में हैं। गुरुवार को देर शाम बतौली वन परिक्षेत्र के ग्राम कछारडीह में हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार दिया। इधर उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पतरापारा में भी देर रात हाथी ने एक अज्ञात व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया, उसकी लाश शुक्रवार की सुबह क्षत-विक्षत हालत में मिली। मृतक की पहचान नहीं हो पा रही है। वन विभाग आस-पास के गांव में सूचना देकर मृतक के शिनाख्ती की कोशिश में है। फिलहाल शव को उदयपुर अस्पताल के मरच्यूरी में रखवाया गया है। हाथियों द्वारा एक ओर जहां घरों को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, वहीं फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
अंबिकापुर शहर के समीप के क्षेत्रों में 33 हाथियों का दल पिछले एक सप्ताह से डेरा जमाए हुए है। वन परिक्षेत्र उदयपुर में 9 हाथियों के दल ने विगत 11 दिसंबर से उत्पात मचा रखा है। उदयपुर वन परिक्षेत्र के पतरापारा में गुरुवार की देर रात हाथियों ने अज्ञात व्यक्ति पर हमला कर दिया, इसके बाद से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। घटना स्थल के आसपास के लोग हाथियों के डर से रात में घर खाली करके सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। यह घटना रात करीब 11-12 बजे के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल वन विभाग शव को उदयपुर अस्पताल के मरच्यूरी में रखवाया है। बतौली वन परिक्षेत्र के ग्राम कछारडीह निवासी शिवचरण कोरवा पिता लाथू कोरवा 40 वर्ष को गुरुवार की शाम हाथी ने कुचलकर मार दिया। इसका शव भी क्षत-विक्षत हाल में मिला है। हाथियों के द्वारा घरों को क्षतिग्रस्त किए जाने से लोग कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे रात बिताने विवश हैं। पुरुष सदस्य पूरी रात अलाव जलाकर निगरानी करने में लगे रहते हैं।
उदयपुर क्षेत्र में हाथियों का रूख आक्रामक
वन परिक्षेत्र उदयपुर में नौ हाथियों के दल ने 11 दिसंबर से अब तक ग्राम जजगी के 4 किसानों के घर एवं फसल को नुकसान पहुंचाया है। ग्राम फुनगी एवं रामनगर बेवरापारा निवासी नंदू पंडो का मकान, मानकुंवर पंडो का नल-जल स्टैंड पोस्ट, प्रीतम सिंह का मकान, पनेश्वर, मुनेश्वर, दयाराम, धन साय की आलू की फसल, मांझी राम का गेहंू, कार्तिक राम का सरसों फसल व रविंद्र के गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया है। वन अमला नुकसान का जायजा लेकर मुआवजा प्रकरण तैयार कर रहा है। हाथियों के आक्रामक रूख से ग्रामीण दहशत में हंै।

Categorized in: