वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के रेहर भूमिगत खदान में दर्जनभर से अधिक नकाबपोशों ने पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया। हथियारबंद नकाबपोशों द्वारा यहां पर सुरक्षा प्रहरियों के साथ विवाद करते हुए अहाता के दीवार को धराशायी करते हुए अंदर प्रवेश कर इनवारमेंट रूम के समीप सेंधमारी की गई है। नकाबपोशों द्वारा यहां पर करीब दो घण्टे तक तांडव मचाए जाने के बाद साथ में कोयला भी ले जाने की बात सामने रही है। रेहर भूमिगत खदान में आएदिन हो रही कोयला व कबाड़ चोरी की घटना से एसईसीएल प्रबंधन को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत स्थित रेहर भूमिगत खदान में शनिवार की रात करीब 15 हथियारबंद नकाबपोशों ने देर रात करीब ढाई बजे पहुंचे। यहां पर नकाबपोशों द्वारा एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी तेजू राम तिर्की, बैजू सिंह व अन्य कर्मचारियों के साथ विवाद करते हुए खदान के मैग्जीन मार्ग के गेट के बगल में स्थित अहाता को ढहा दिया। इसके पश्चात अंदर प्रवेश कर इनवाटमेंट रूम के नाली के पास सेंधमारी किया है। करीब दो घण्टे तक बेखौफ होकर नकाबपोशों द्वारा यहां पर सुरक्षा प्रहरियों के साथ विवाद करते हुए तांडव मचाने के बाद जाते समय कोयला भी साथ ले गए हैं। नकाबपोशों द्वारा यहां पर अहाता के ऊपर प्रबंधन द्वारा लगवाए गए कांटेदार तार को भी काटकर अलग कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश यहां पर मोटरसाइकिल व सायकल से पहुंचे थे। रेहर भूमिगत खदान में चोरी की पुनः घटना में बढोत्तरी होने से एसईसीएल प्रबंधन को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। चोरी व डकैती की घटनाओं को लेकर प्रबंधन द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंदी पर हैं।

ईंट भट्ठा सीजन शुरू होते ही बढ़ी चोरी

बताया जा रहा है कि इनदिनों ईंट भट्ठा का सीजन अब शुरू हो चुका है। ऐसी स्थिति में कोयला चोरी की घटनाओं में बढोत्तरी होने लगी है। प्रशासन द्वारा इस ओर कड़ी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है, जिससे अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। आरोप तो यह भी लग रहे हैं कि कोयला चोरों द्वारा सेटिंग की बात कहते हुए कोयला चोरी की घटनाओं को धड़ल्ले से अंजाम दिया जा रहा है। 

Categorized in: