रामानुजनगर। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों द्वारा सवाल उठाए जाने पर ठेकेदार ने ग्रामीणों को धमकाकर पुलिस सुरक्षा के बीच गुरूवार को आधी रात को काम कराया। बाद में विभाग के एसडीओ कार्यस्थल पहुंच कर काम बंद कराए और पहले सड़क की सफाई कराने के बाद गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए।
क्षेत्र के ग्राम तिवरागुड़ी बाजार से मकरबंधा, अर्जुनपुर सड़क का रिनीवल वर्क पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया जा रहा है। उक्त कार्य को ठेकेदार सड़क की सफाई किए बगैर गुणवत्ताहीन सामग्री डालकर रात में ही निपटाने की फिराक में था, जिसे लेकर ग्रामीणों ने असंतोष व्यक्त किया और गुणवत्तापूर्ण कार्य को लेकर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर ग्रामीणों, ठेकेदार व अन्य के बीच हल्की कहासुनी हो गई। इसके बाद ठेकेदार ने कथित तौर पर ग्रामीणों को धमकाया। ठेकेदार के द्वारा दुव्र्यवहार करने पर धीरे-धीरे डेढ़-दो सौ ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों के प्रदर्शन को उग्र होता देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस फोर्स की उपस्थिति में अंतत: ग्रामीणों को डरा-धमकाकर रात में ही कार्य करा दिया गया। हालांकि बाद में आधी रात विभाग के एसडीओ साइड में पहुंचे और उन्होंने कार्य को बंद कराया। दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाए जहां शांतिपूर्ण तरीके से सभी सरकारी कार्य संचालित हो रहे हों वहां ठेकेदार भ्रष्टाचार करने के लिए ग्रामीणों को धमकी देकर उनके आवाज को बंद करने की कोशिश करे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की सड़कों के काम को लेकर क्षेत्रीय विधायक खेलसाय सिंह भी असंतोष जता चुके हैं, लेकिन ठेकेदार अपनी हठधर्मिता के आगे गुणवत्ताहीन कार्य करा निकल जा रहें हैं। विधायक जिस ठेकेदार के कार्य से असंतोष जताते रहे हैं, वही मेसर्स बैजनाथ अग्रवाल उक्त डामरीकरण कार्य को करा रहा है।
बयान-
ग्रामीणों को तकनीकी जानकारी नहीं होने के कारण इस तरह की स्थिति बनी। हमने काम फिलहाल बंद करा दिया है और ठेकेदार को निर्देश दिया है कि सड़क की अच्छे से सफाई कराने के बाद गुणवत्तापूर्ण कार्य कराएं। सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सुरेश मिश्र, एसडीओ लोनिवि  

Categorized in: