अंबिकापुर। शहर की सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे नाबालिगों पर नकेल कसने गुरुवार को सजग करने की वाहनों पर यातायात पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। शहर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित होलीक्रॉस स्कूल के सामने खड़ी लगभग 100 वाहनों को यातायात पुलिस उठाकर यातायात कार्यालय ले गई। छात्र पढ़कर बाहर निकले तो एक साथ सभी गाड़ियों को गायब देख उनके होश उड़ गए। बाद में आसपास के लोगों से पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिली। यातायात पुलिस चौकी पहुंचे छात्रों के हुजूम को जब चालानी कार्रवाई की जानकारी मिली तो उन्होने आनन-फानन में इसकी जानकारी स्वजनों को दी। सभी पर मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की गई है। कुछ दिनों पूर्व ही जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार काम्बले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के द्वारा स्कूल संचालकों की बैठक लेकर निजी वाहनों से स्कूल आने वाले 18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों की सूची मांगी गई थी साथ ही सभी स्कूल संचालकों को समझाइश भी दी गई थी कि कम उम्र के छात्रों को वाहन चलाने से मना किया जाए। बावजूद इसके शहर के नामी स्कूलों के अलावा शासकीय स्कूलों में भी दोपहिया दौड़ाते नाबालिग पहुंच रहे हैं, जिन पर अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस के द्वारा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में होलीक्रॉस स्कूल के पास इंडस्ट्रियल एरिया मार्ग में खड़ी छात्रों की स्कूटी, मोटरसाइकिल को उठाकर यातायात कार्यालय लेकर पहुंचे, इनसे एक से दो हजार तक का जुर्माना वसूला गया।

Categorized in: