भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वीवीएस लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के प्रमुख के रूप में जोड़ने से पहले राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया था। इसमें बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके बाद हर तरफ ये चर्चा है कि गांगुली युग भारतीय क्रिकेट में वापसी कर रहा है? गांगुली ने द्रविड़ और लक्ष्मण के बाद दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को इस लिस्ट में जोड़ने का संकेत दिया। हालांकि उन्होंने ये स्वीकार किया इस परिदृश्य में यह थोड़ा अलग हो सकता है।

पत्रकार बोरिया मजूमदार के शो ‘बैकस्टेज विद बोरिया’ में गांगुली मे कहा,’सचिन स्पष्ट रूप से थोड़ा अलग हैं। वह इन सब में शामिल नहीं होना चाहते हैं। मुझे यकीन है कि सचिन के भारतीय क्रिकेट में शामिल होने से बेहतर खबर नहीं हो सकती है। किस तरह ये होगा उस पर काम करने की जरूरत है। क्योंकि चारों ओर बहुत अधिक विवाद हैं। सही या गलत आप कुछ भी करो और कैसे भी करो। विवाद खिड़की के अंदर आ ही जाता है। आपको खेल में सबसे अच्छे टैलेंट को शामिल करने के सबसे अच्छे तरीके खोजने चाहिए और किसी स्टेज पर सचिन भी भारतीय क्रिकेट में शामिल होने का एक तरीका खोज लेंगे।’

राहुल द्रविड़ ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद टीम इंडिया के हेड कोच बनने से पहले टीम इंडिया की अंडर-19 टीम और इंडिया-ए टीम की कोचिंग भी की थी। उनके हेड कोच बनने के बाद भारत ने न्यूजीलैंड को टी-20 सीरीज में 3-0 से और दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से हराया। द्रविड़ को कोच बनाने के बाद लक्ष्मण को एनसीए का प्रमुख बनाया गया। 13 दिसंबर को एनसीए में उनका पहला दिन था। सचिन ने अपनी पूर्व आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2021 में मेंटर की भूमिका निभाई थी।