पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
अंबिकापुर। आगामी सोमवार से महामाया प्रवेश द्वार से आवागमन सामान्य हो जाएगा। महामाया प्रवेश द्वार के निर्माण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने आए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को यह जानकारी महापौर डॉ. अजय तिर्की ने दी। महामाया द्वारा के निर्माण के कारण मां महामाया मंदिर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बंद है। इस ओर जाने के लिए एप्रोच मार्ग का उपयोग किया जा रहा है, जो यहां के आवागमन को संभालने की दृष्टि से पर्याप्त नहीं है। इसे लेकर लगातार दर्शनार्थियों, स्कूली छात्रों और स्थानीय निवासियों के द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को सूचना दी जा रही थी। जिस पर बुधवार को उन्होंने इस स्थल का दौरा किया।
इस दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम अंबिकापुर के इंजीनियरों ने जानकारी दी कि महामाया प्रवेश द्वार के ऊपर का स्पान 40 फिट लंबा है। इसका निर्माण कर रहे राजस्थान के दल ने ढलाई के सेंट्रिग को लंबे समय तक बनाए रखने कहा था, जिस कारण महामाया मार्ग अवरुद्ध रहा। सेंट्रिग रविवार को खुल जाने के बाद सोमवार से यह मार्ग सामान्य आवागमन के लिए खुल जाएगा। इसके साथ ही महामाया प्रवेश द्वार के ऊपरी हिस्से के विन्यास का कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने महामाया मार्ग के लंबे समय तक अवरुद्ध रहने को लेकर नागरिकों से माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से हम मार्ग को लंबे समय तक बंद रखने बाध्य थे। टीएस सिंहदेव ने महामाया मंदिर प्रवेश द्वार निर्माण के प्रयास के लिए अंबिकापुर के नागरिकों के साथ नगर निगम के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान नगर निगम के सभापति अजय अग्रवाल, द्वितेन्द्र मिश्रा, मो. इस्लाम, अनूप मेहता, अशफाक अली, कलीम अंसारी, मो. बाबर, मो. काजु एवं नगर निगम अंबिकापुर के इंजीनियर मौजूद थे।

Categorized in: