नीलामी प्रक्रिया में कोल ब्लाक को श्री सीमेंट लिमिटेड ने हासिल किया

अंबिकापुर। कोयला मंत्रालय के कामर्शियल माइनिंग के तहत 36 कोल ब्लाकों की चल रही नीलामी की प्रक्रिया के बीच छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग अंतर्गत सूरजपुर जिले के दतिमा कोल ब्लाक को श्री सीमेंट लिमिटेड ने वहीं रायगढ़ जिले के पुरुंगा ब्लाक को सीजी नेचुरल रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड ने हासिल किया है। छत्तीसगढ़ की दो और कोल ब्लॉक के नीलामी की प्रक्रिया चल रही है। संयुक्त खदानों के लिए सर्वाधिक 15 कंपनियों ने बोली लगाई है। इसमें बालको व जिंदल भी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ को आवंटित किए गए सूरजपुर के दतिमा कोल ब्लॉक में 1,330 लाख टन कोयले का भंडार है। इससे भैयाथान, कुम्दा व राई प्रभावित होंगे। बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर स्थित दतिमा कोल ब्लॉक भूमिगत कोयला खदान के रूप में संचालित होगा। यहां आठ किलोमीटर वर्ग क्षेत्र में कोयले का भंडार है, जिसमें से 2.78 किलोमीटर वर्ग क्षेत्र में कोयला उत्पादन होगा। खदान की आयु 13 वर्ष बताई गई है, यहां का कोयला जी-सेवन ग्रेड का है। वहीं रायगढ़ जिला अंतर्गत आने वाले पुरूंगा कोल ब्लाक से कुकदर, तरफ भंजली, समर सिंगल गांव प्रभावित होंगे। यहां 2,600 लाख टन कोयले का भंडार है। कोयला मंत्रालय ने तीन नवंबर 2022 को छठवें दौर व पांचवें दौर के दूसरे प्रयास के कमर्शियल माइनिंग के लिए कोयला खदानों की नीलामी शुरू की थी। इसमें 36 कोल ब्लॉक शामिल हैं। इसके लिए 59 कंपनियों ने 96 बोलियां जमा की थी। इनमें कुछ सरकारी कंपनियां भी शामिल हैं। 27 फरवरी को ई-नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। पहले दिन 10 कोल ब्लाक नीलाम किए गए। इन ब्लाकों में कुल 18660 लाख टन कोयला का भंडार है। दूसरे दिन 28 फरवरी को 4880 लाख टन कुल भंडारण क्षमता वाली छह और कोल ब्लॉक की नीलामी की गई। देश में कोयले की बढ़ती मांग को देखते हुए कोयला मंत्रालय ने कामर्शियल माइनिंग के क्षेत्र में एक और कदम बढ़ाया है।

Categorized in: