भवन का फर्जी फोटो लगाकर तत्कालीन सहायक अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता ने गुणवत्ता विहीन कार्य होने के बावजूद किया है अतिरिक्त भुगतान


मामला नर्मदापुर एवं कमलेश्वरपुर मैनपाट के आइसोलेशन वार्ड के भवन निर्माण में गड़बड़ी का
वर्तमान सहायक अभियंता के निर्देशन में स्थल अवलोकन दौरान भवन का छत ढलाई नहीं होना सामने आया

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के नर्मदापुर एवं कमलेश्वरपुर मैनपाट में आइसोलेशन वार्ड निर्माण के नाम पर वित्तीय अनियमितता व भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन स्तर पर की जा रही पहल को हासिए पर रखे अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। स्वयं को पाक-साफ बताने की तमाम कोशिश के बाद भी जांच में सामने आया है कि कैसे चहेते ठेकेदारों से मिलीभगत करके अस्पताल के लिए बन रहे भवनों को आधा-अधूरा छोड़कर चहेते ठेकेदार को राशि भुगतान कर दी गई। अधीक्षण अभियंता सीजीएमएससी ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सरगुजा के चार अभियंताओं को आगामी आदेश तक के लिए मुख्यालय में संलग्न किया है, वहीं इस कृत्य के कारण क्यों न आपकी सेवाएं समाप्त की जाए, उल्लेख करते हुए दो दिवस में अपना पक्ष प्रस्तुत करने कहा है। स्वास्थ्य मंत्री व सीजीएमएससी के चेयरमैन के गृह जिले में अधिकारी व ठेेकेदार का गठजोड़ सामने आने के बाद तत्कालीन सहायक अभियंता, कार्यपालन अभियंता, उप अभियंता सहित अन्य के विरूद्ध कारण बताओ सूचना पत्र छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता रायपुर द्वारा जारी किया गया है।


सीजीएमएससी के अधीक्षण अभियंता ने 10 बिस्तरीय आईसोलेशन वार्ड भवन नर्मदापुर एवं कमलेश्वरपुर विकासखंंड मैनपाठ सरगुजा के निर्माण में वित्तीय भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितता के संबंध में लेख करते हुये अवगत कराया है कि उक्त निर्माण कार्य 15 सितंबर 2021 को यादव इंफास्ट्रक्चर अंबिकापुर को प्राप्त हुआ था, जिसका निर्माण अवधि सूचना पटल अनुसार चार माह है, जबकि आज तक कार्य अपूर्ण है। तत्कालीन सहायक अभियंता कृष्ण कुमार अग्निहोत्री एवं कार्यपालन अभियंता मृत्युंजय साहू, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड अंबिकापुर के सांठ-गांठ से 18 जनवरी 2022 को नर्मदापुर 10 बिस्तरीय आइसोलेशन एवं 14 फरवरी को कमलेश्वरपुर 10 बिस्तरीय आइसोलेशन वार्ड भवन बिना छत ढलाई कराए, छत ढलाई का भुगतान निजी स्वार्थ के लिये ठेकेदार यादव इन्फास्ट्रक्चर को कर दिया गया है, जिसका मेजरमेंट एमबी क्रमांक 5170 के पेज नंबर 40 में एवं एमबी कमांक 4762 के पेज कमांक 44 में दर्ज है। छत ढलाई का भुगातन हुए लगभग 06 महीना व्यतीत होने के पश्चात भी आज तक उक्त निर्माण कार्य का छत ढलाई का कार्य नहीं हुआ है। भवन का फर्जी फोटो लगाकर तत्कालीन सहायक अभियंता कृष्ण दत्त अग्निहोत्री एवं कार्यपालन अभियंता मृत्युंजय साहू द्वारा गुणवत्ता विहीन कार्य होने के बावजूद अतिरिक्त भुगतान किया गया। दोनों अधिकारियों के द्वारा नियम विरुद्ध शासन के नियमों को ताक में रखकर शासकीय पैसों का दुरूपयोग करना पाया गया। सामने आया है कि ऐसा कृत्य विगत 9 वर्षों से निजी स्वार्थ के कारण कुछ चहेते ठेकेदार को मिलकर बिना कार्य कराए उसका भुगतान कर किया जा रहा है, जबकि अच्छा कार्य करने वाले ठेकेदारों से बिल साइन करने के पूर्व नियम विरूद्ध तानाशाही पूर्वक भारी कमीशन की मांग की जा रही है। बता दें वर्तमान सहायक अभियंता सौरभ कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार 24 जुलाई 2022 को स्थल अवलोकन कर प्रस्तुत प्रतिवेदन में सामने आया कि भवन का छत ढलाई नहीं हुआ है। अधीक्षण अभियंता ने इस कृत्य के कारण क्यों न आपकी सेवाएं समाप्त की जाए, के संबंध में तत्काल दो दिवस में अपना पक्ष प्रस्तुत करने की टिप्पणी भी की है।


इन्हें किया गया मुख्यालय संलग्न-
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से पूर्व में जारी समस्त आदेशों को अधिक्रमित करते हुए सीजीएमएससी के निर्माण संभाग सरगुजा के अभियंताओं को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक मुख्यालय रायपुर में संलग्न कर दिया है। संलग्न किए गए अभियंताओं में मृत्युंजय साहू कार्यपालन अभियंता संविदा, कृष्णदत्त अग्निहोत्री उप अभियंता संविदा, विन्दया कुमारी तिर्की उप अभियंता संविदा, अविनाश सिंह व द्वय विजय कुमार यादव उप अभियंता प्लेसमेंट बेसिल शामिल बताए जा रहे हैं।


इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी-
सीजीएमएससी के अधीक्षण अभियंता ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से पूर्व में जारी समस्त आदेशों को अधिक्रमित करते हुए सीजीएमएससी के निर्माण संभाग में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक डीके परिहार को सहायक अभियंता संविदा से प्रभारी कार्यपालन अभियंता सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सौरभ कुमार गुप्ता को प्रतिनियुक्ति पर उप अभियंता से प्रभारी सहायक अभियंता सरगुजा संभाग एवं अन्य निर्देशानुसार कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


नौ वर्षों से कुंडली मारकर बैठे अधिकारी
सहायक अभियंता कृष्ण दत्त अग्निहोत्री और कार्यपालन अभियंता मृत्युंजय साहू विगत नौ वर्षों से सरगुजा संभाग में ही कुंडली मारकर बैठे हैं। ऐसी गतिविधियों में लगातार इनके नाम सामने आ रहे हैं, परंतु अब तक इन पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे भ्रष्टाचार की जड़ मजबूत हो रही है।

Categorized in: