विपक्ष के पार्षद ने समय पर सामान्य सभा नहीं होने का लगाया आरोप

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। नगर निगम की सामान्य सभा राजमोहनी भवन में आयोजित की गई। इस दौरान महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार का मुद्दा प्रमुख रहा। पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराने की बात रखी, जिस पर पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने पार्षद निधि के साथ-साथ अपने-अपने वार्डों से भी सहयोग राशि उपलब्ध कराने की बात कही, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। महामाया मंदिर के पीछे तालाब का भी सौंदर्यकरण कराया जाएगा। विपक्ष के पार्षद मधुसुदन शुक्ला ने सत्तापक्ष पर समय पर सामान्य सभा नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने सभापति की ओर मुखातिब होकर कहा विपक्षी पार्षदों का मुद्दा उठाने का माध्यम मात्र सामान्य सभा रहता है, इसके बावजूद समय पर सामान्य सभा नहीं हो रही है। उन्होंने कहा यह सामान्य सभा दोपहर 2 बजे से रखी गई है, जिस कारण कई मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाएगी। कुछ मुद्दों को लेकर बैठक में हंगामे की स्थिति भी बनी।
मंगलवार को नगर निगम की सामान्य सभा सभापति अजय अग्रवाल की उपस्थिति में शुरू हुई। सदन शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने मां महामाया मंदिर प्रवेश द्वार निर्माण का मुद्दा उठाया। सरगुजा की कुल देवी मां महामाया के प्रवेश द्वार का मुद्दा काफी सम्मानजनक रहा। दोनों ही पक्ष के लोगों ने बड़े ही सम्मान के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने के बाद अहम निर्णय लिया। विपक्ष के पार्षदों ने कहा कि अंबिकापुर में सभी जाति धर्म के लोग रहते हैं। सभी लोगों का मां महामाया मंदिर आस्था का केंद्र है। इसलिए मंदिर का प्रवेश द्वार काफी भव्य होना चाहिए। भाजपा पार्षद मधुसुदन शुक्ला व आलोक दुबे ने कहा कि पूर्व में भी महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार निर्माण के लिए सदन में चर्चा हुई है, जिसमें सभी पार्षदों व महापौर की सहमति बनी थी। विपक्ष के पार्षदों ने कहा कि प्रवेश द्वार के लिए एमआइसी में 11 लाख रुपये की स्वीकृति हुई है, जिसमें पुराने प्रवेश द्वार का मरम्मत कराने की भी सहमति बनी थी। इस पर विपक्ष के पार्षदों ने असहमति व्यक्त करते हुए नए सिरे से भव्य प्रवेश द्वारा निर्माण की मांग रखी। सामान्य सभा दोपहर दो बजे रखे जाने के कारण अल्प सवाल के बाद ही सभापति अजय अग्रवाल द्वारा भोजनावकाश घोषित कर दिया गया।
सीनियर सिटीजन को जिम्मेदारी देने करेंगे बैठक
मां महामाया प्रवेश द्वार निर्माण के लिए पक्ष-विपक्ष के पार्षदों की सहमति के बीच सत्ता पक्ष के पार्षद द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि प्रवेश द्वार के लिए शासन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। अंबिकापुर के लोग काफी आस्थावान हैं और प्रवेश द्वार निर्माण में बढ़चढ़ कर भागीदारी निभाएंगे। पार्षद के साथ-साथ जन सहयोग से प्रवेश द्वार निर्माण कराने की बात कही गई। विपक्ष के पार्षद मधुसुदन शुक्ला ने कहा कि अंबिकापुर में सीनियर सिटीजन अच्छा काम कर रहे हंै। मुक्ति धाम में सीनियर सिटीजन द्वारा कई काम कराए गए हैं। अगर प्रवेश द्वारा का जिम्मा भी इन्हें दिया जाए तो अच्छा रहेगा। इस पर सभाति अजय अग्रवाल ने सहमति देते हुए एक बार इस मामले में सीनियर सिटीजन के पदाधिकारियों से बैठक कर चर्चा करने की बात कही।
तालाब का सौंदर्यीकरण अमृत मिशन-2 से
समान्य सभा में विपक्ष के पार्षद मधुसुदन शुक्ला ने सभापति के समक्ष सवाल रखा कि मां महामाया मंदिर के पीछे तालाब का सौंदर्यीकरण सत्ता पक्ष द्वारा नहीं कराया जा रहा है, जबकि शहर के अन्य तालाबों का सौंदर्यीकरण हो रहा है। उन्होंने सत्तापक्ष पर आरोप लगाया कि वार्ड के पार्षद विपक्ष के हैं इसलिए यहां तालाब का सौंदर्यीकरण नहीं कराया जा रहा है। इस पर महापौर डॉ.अजय तिर्की ने कहा कि अब तक जितने भी तालाब का सौंदर्यीकरण हुए हैं, उसमें राशि का लीमिट था, जबकि मां महामाया मंदिर के पीछे के तालाब का बेहतर तरीके से सौंदर्यीकरण कराया जाना है। इसमें राशि का लीमिट नहीं रहेगा। यह तालाब ध्यान में है, तालाब का भव्य सौंदर्यीकरण अमृत मिशन-2 के तहत कराया जाएगा।
———————————

Categorized in: