दिल्ली पुलिस ने शाहबाद डेयरी इलाके में हुए साक्षी हत्याकांड की छानबीन तेज कर दी है। जैसे जैसे वक्त बीत रहा है मामले में नए नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें साक्षी की हत्या की असल वजह क्या थी, अभी इस बारे में पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इसी सवाल का जवाब साहिल से जानने की कोशिश करेगी। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि साक्षी और साहिल के बीच ‘प्रेम संबंध’ थे। साक्षी ने रिश्ता तोड़ लिया इसी नाराजगी के चलते साहिल ने साक्षी की जान ले ली। हालांकि पुलिस के सामने कुछ और भी बातें सामने आई हैं जिनकी छानबीन की जा रही है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब साहिल से साक्षी के साथ उसके रिश्ते के बारे में पूछा गया, तो उसका कहना था कि दोनों के बीच जून 2021 से दोस्ती थी। हालांकि बाद में अक्सर दोनों की लड़ाई होने लगी। कुछ दिन पहले ही साक्षी ने साहिल से बात करना बंद कर दिया था। इतना ही नहीं हत्या से ठीक एक दिन पहले यानी शनिवार को दोनों का झगड़ा हुआ था। इससे रिश्ते ज्यादा तनावपूर्ण हो गए थे। साक्षी अब साहिल से पूरी तरह दूर जाना चाहती थी। वह उससे संबंध खत्म करना चाहती थी, लेकिन साहिल लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। साहिल फिर से रिश्ता बनाना चाहता था।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या की वजह साक्षी का साहिल से दूर जाना भी हो सकता है। पुलिस की जांच साक्षी के हाथ पर गुदे एक टैटू भी जाकर टिक गई है। साक्षी के हाथ पर ‘प्रवीण’ नाम का टैटू गुदा था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है, कहीं यह नाम तो साहिल और साक्षी के बीच आए दिन होने वाले झगड़े की वजह तो नहीं है। वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि साहिल रास्ते में जब साक्षी से बातचीत कर रहा था, उसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि साक्षी ने उस पर टॉय पिस्टल तान दी थी। इससे वह भड़क गया था।

पोस्टमॉर्टम के प्रारंभिक निष्कर्षों का हवाला देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि साक्षी की खोपड़ी फटी हुई थी। साक्षी ने इस साल 10वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी। साक्षी के पिता मजदूर हैं। माता-पिता शाहबाद डेरी क्षेत्र की जेजे कॉलोनी के निवासी हैं। उनका एक छोटा बेटा है। उन्होंने ने पुलिस को बताया कि साक्षी पिछले 15 दिन से अपनी सहेली नीतू के साथ रह रही थी, क्योंकि नीतू का पति काम के सिलसिले में दिल्ली से बाहर था। रविवार की घटना को याद करते हुए दो बच्चों की मां नीतू ने कहा कि साक्षी उसकी बेटी के लिए जन्मदिन की पार्टी आयोजित करने में व्यस्त थी। वह पास के बाजार से बच्ची के लिए ड्रेस लेने गई थी।

नीतू ने दावा किया कि साक्षी और साहिल अक्सर आपस में लड़ते थे। बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए साक्षी के माता-पिता ने साहिल के लिए फांसी की मांग की है। उनका कहना है कि साक्षी ने कभी भी साहिल के बारे में नहीं बताया था। पिता ने कहा कि पुलिस ने उनको भरोसा दिया है कि वह उन्हें न्याय दिलाएगी। साक्षी की मां ने कहा कि अपनी बेटी से उनकी आखिरी बार रविवार दोपहर को बात हुई थी। वहीं साहिल के मकान मालिक का कहना है कि दो साल से साहिल का परिवार उनके मकान में रहता था। साहिल किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। ऐसे में ऐसी बर्बरता के बारे में जानकर बहुत हैरान हो रही है।

Categorized in: