शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाले एक पुराने व्यापारी ने आर्थिक तंगी से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
हासिल जानकारी के मुताबिक कोलगवां थाना अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाले प्रमोद कुमार गुप्ता पिता देवलाल गुप्ता 55 वर्ष की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसका शव मुख्त्यारगंज रेलवे फाटक के पास रेल ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बताया जाता है कि प्रमोद की पहले ट्रांसपोर्ट नगर में गिट्टी – बालू और अन्य भवन निर्माण सामग्री की दुकान थी। बाजार में उसने कई लोगों को लाखों का सामान उधार दिया था लेकिन लोगों ने उसके पैसे नहीं लौटाए थे। जिसके कारण वह आर्थिक रूप से परेशान रहने लगा था। लगभग 5 साल पहले उसकी बड़ी बेटी अनुष्का का एक्सीडेंट हो गया था जिसमें उसकी दोनो टांगें और हाथ खराब हो गए। वह उसका इलाज करा रहा था जिसके लिए उसे लोगों से कर्ज भी लेना पड़ा था। बेटी की बीमारी, आर्थिक तंगी और कर्जदारों के दबाव के कारण वह बहुत परेशान रहता था। सोमवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे वह घर से निकला था लेकिन फिर वापस लौटकर घर नहीं आया। उसने सुबह बेटी अनुष्का को फोन कर यह बताया था कि वह जिंदगी से थक चुका है। सुबह उसकी लाश रेल ट्रैक पर मिली। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
