सगी बहनों के पास मिला 10 किलो गांजा, सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
अंबिकापुर। गांजा तस्करी में अब तक पुरूषों की संलिप्तता सामने आ रही थी लेकिन इस बार पुलिस के हाथ दो सगी बहनें लगी हैं जो जशपुर जिले से गांजा लेकर सूरजपुर जिले में खपाने पहुंची थी। पुलिस ने दोनों बहनों के पास से 50-50 हजार का गांजा जप्त किया है। इन्हें न्यायिक रिमांड में
जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के जयनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम संजयनगर में महाबीरपुर पिल्खा ढ़ाबा के पास दो युवतियां पिट्ठू बैग में गांजा लेकर आई हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही हैं। सूचना पर महिला आरक्षकों व गवाहों को साथ लेकर पुलिस टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां पुलिस को दो युवतियां पिठ्ठू बैग के साथ नजर आई। महिला आरक्षकों ने पूछताछ की तो एक युवती ने अपना नाम अंजु पैंकरा 27 वर्ष व दूसरी युवती ने स्वयं को अंजू की बहन 23 वर्षीय योगिता पैकरा बताया। दोनों युवतियां जशपुर की रहने वाली हैं, वे बस से वहां तक आई थी। पुलिस द्वारा जब उनसे पिठ्ठु बैग के संबंध में पूछताछ की गई तो युवतियां इधर-उधर की बातें करने लगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महिला आरक्षकों से उनके बैग की तलाशी करवाई, जिस पर पुलिस को दोनों के बैग से 5-5 पैकेट मिले, इसकी जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। प्रत्येक पैकेट में एक-एक किलो गांजा था। पुलिस ने दोनों बहनों से 10 किलो गांजा जप्त किया। पुलिस टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। जप्त गांजे की कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्यवाही में एसआई दिनेश राजवाड़े के साथ, एएसआई वरूण तिवारी, प्रधान आरक्षक अशोक साहू, रजनीश त्रिपाठी, पुष्पा पैकरा, महिला आरक्षकप्रमिला कुजूर व सैनिक नोहर राजवाडे शामिल थे।

Categorized in: