स्वास्थ्य मंत्री ने कहा छत्तीसगढ़ की स्थिति ठीक नही ऐसे में हड़ताल में जाने का समय उचित नही

मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ के आवाहन पर शनिवार से प्रदेश भर के सविंदा स्वास्थ्य कर्मचारी हडताल पर चले गए हैं। इसी तारतम्य में मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं ! इसके लिए एनएचएम कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को खंड चिकित्सा अधिकारी एवं एसडीएम मनेंद्रगढ़ को लिखित सूचना दी थी ! इससे पूर्व प्रदेश की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तहत विभिन्न क्लीनिकल एवं मैनेजमेंट पदों पर कार्यरत स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों ने एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन, आरएमए पदों पर नियमित भर्ती का विरोध करते हुए प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को ज्ञापन देकर नियमित भर्ती में पहले संविदा पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के समायोजन की मांग की थी । इस सबंध में कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान सरकार ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में संविदा पदों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों के नियमितिकरण का वायदा किया था ! लेकिन वर्तमान सरकार के लगभग 2 वर्षों के शासनकाल में अभी तक सरकार ने एक भी फैसला संविदा कर्मचारियों के हित मे नही लिया गया है, जिससे संविदा कर्मचारियों में व्यापक रोष व्याप्त है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के मनेंद्रगढ़ इकाई के अध्यक्ष ने मांग की है कि नियमित पदों में जो भर्ती निकाली गई, उसमें पहले से ही कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों का समायोजन किया जाए, क्योंकि अधिकतर कर्मचारी विज्ञापन में विज्ञप्त निर्धारित उम्र सीमा को पार कर चुके हैं। उनका कहना है कि सरकार को जन घोषणा पत्र के वायदों को पूर्ण करना पहले जरूरी हैं। जिन वायदों के आधार पर कांग्रेस पार्टी सत्तासीन हुई है, उन वायदों को पूरा करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। जिसमे वे अभी तक खरे नही उतरे है।

विधायक गुलाब कमरो ने हड़ताल से वापस होने का किया आग्रह

अपनी मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर गये छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के सदस्यों ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से सविप्रा उपाध्यक्ष विधायक गुलाब कमरो से चर्चा कर अपनी मांगों से अवगत कराया! विधायक ने संघ के सदस्यों के प्रति सहानुभूति व्यक्त कर उनकी मांगों को प्रदेश के मुख्यमंत्री से अवगत कराने भरोसा दिया साथ ही संघ से अपील करते हुए कहा कि कोरोना काल मे आप लोग कोरोना योद्धाओं के तरह कार्य कर रहे है आप लोग हड़ताल से वापस होकर पुनः ऊर्जा के साथ कार्य कर शासन प्रशासन की मदद करें!

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा हड़ताल करने का यह उचित समय नहीं

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की स्थिति अभी ठीक नहीं है ऐसे समय में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का हड़ताल पर जाने का उचित समय नहीं है ! मांग जायज है पर मुझे नही लगता कि ये समय स्ट्राइक के लिए सही है जब प्रदेश विपरीत समय से गुजर रहा है हमने अपने घोषणा पत्र में जो कहा था उसमें प्रदेश सरकार विचार कर रही है ।

Categorized in: