मनेंद्रगढ़ ! भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मनेंद्रगढ़ विधायक दीपक पटेल ने आयुक्त नगर पालिक निगम चिरमिरी को पत्र प्रेषित कर चिरमिरी की बहुचर्चित जल आवर्धन योजना को जल्द शुरू कराने तथा चिरमिरी की आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराये जाने की मांग की है।पूर्व विधायक दीपक पटेल ने निगम आयुक्त को प्रेषित अपने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चिरमिरी क्षेत्र की जल समस्या को ध्यान में रखते हुए निदान हेतु वर्ष 2012 में जल आवर्धन योजना को स्वीकृति प्रदान कर विकास यात्रा 2013 के दौरान शिलान्यास कर कार्य को प्रारंभ कराया गया था। वर्तमान में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एनीकट, फिल्टर प्लांट, टंकी निर्माण एवं निर्मित टंकी तक पाइप लाइन तथा एनीकट से फिल्टर प्लांट तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर दिया गया है और बड़ा बाजार छोटा बाजार हल्दीबाड़ी तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है! परंतु यह भी आधा अधूरा क्षेत्र तक ही पानी पहुंचाने का कार्य हो पा रहा है। जल आवर्धन योजना की संपूर्ण चिरमिरी की पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए स्वीकृति दी गई थी ! आधी अधूरी योजना का मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण कराया जाना एवं लोकार्पण के पश्चात किसी भी योजना को पूर्ण रूप प्रदान करने की दिशा में कोई कदम ना उठाया जाना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। जल आवर्धन योजना की पूर्णता संपूर्ण चिरमिरी में जब तक लोगों के घरों तक पाइप लाइन बिछाकर पानी नहीं पहुंचाया जाता तब तक सिद्ध नहीं होती। संपूर्ण चिरमिरी में पानी वितरित किए जाने हेतु पाइप लाइन का सर्वे करा शीघ्र ही लागत स्वीकृति प्राप्त कर कार्य प्रारंभ कराया जाए ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए जिससे आज तक चिरमिरी की जनता वंचित है ! पूर्व विधायक दीपक कुमार पटेल ने अपने प्रेषित पत्र के माध्यम से चेताया है कि अगर इस दिशा में शीघ्र कार्य में प्रगति दिखाई नहीं देती है तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन हेतु बाध्य होंगे।

Categorized in: