० परिजन जता रहे थे सांप डसने की आशंका लेकिन पीएम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की हुई पुष्टि
अंबिकापुर. दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी के दूसरे दिन ही दूल्हे की मौत होने से घर में मातम पसर गया। वहीं दुल्हन की हाथ की मेंहदी भी नहीं सुखी थी कि पति की मौत से वह गहरे सदमे में चली गई। दरअसल सोने के दौरान युवक के सीने में अचानक दर्द शुरु हुआ। परिजन उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन द्वारा सांप डसे जाने की आशंका जताई जा रही थी लेकिन पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत होना बताया।
जानकारी के अनुसार २५ वर्षीय सुन्दर लाल राजवाड़े पिता हुलस राम राजवाड़े दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी का रहने वाला था। उसकी शादी २७ जून को लखनपुर के ग्राम लहपटरा में हुई थी। शादी के बाद २८ जून को वह दुल्हन को विदाई कराकर घर लाया था। घर में शादी के माहौल से सभी सदस्य खुश थे। घर वालों को पता ही नहीं था कि यह खुशी चंद घंटों में बड़े गम में बदल जाएगी। शादी कार्यक्रम में थका दूल्हा २८ जून की दोपहर घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके सीने में अचानक दर्द शुरु हो गया। परिजन सांप डंसने की आशंका पर उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां सांप डसने का उसका इलाज चल रहा था। इसी बीच उसकी मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट में आया हार्ट अटैक
परिजन को आशंका थी कि सोने के दौरान दूल्हे को सांप ने डस लिया होगा। वे सांप द्वारा डसे जाने का इलाज करवा रहे थे। मौत होने पर जब युवक के शव का पीएम कराया गया तो चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया।
हार्ट अटैक से डॉक्टर की भी मौत
इधर शहर के मोमिनपुरा निवासी व निजी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर २६ वर्षीय जियाउल हक पिता नसीमुल हक की मौत भी हार्ट अटैक से हो गई। डॉक्टर सोमवार की रात को अस्पताल में रात्रिकालीन सेवा में थे। देर रात २ बजे अचानक सीने में दर्द हुआ और वे जमीन पर गिर गए। अस्पताल के कर्मचारी उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

Categorized in: