नालापारा-2 में पुलिया की मरम्मत नहीं होने से वार्ड वासी एवं स्कूली बच्चों को आने-जाने में होती है दिक्कत

अंबिकापुर। शहर के वार्ड क्रमांक-48 नालापारा-2 में पुलिया का मरम्मत कार्य नहीं होने से यहां रहने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं वार्ड में नाली तक का निर्माण नहीं कराया गया है, ऐसे में घरों में पानी घुसने की नौबत बनती है। नगर निगम के इस वार्ड की दुर्गति देखने के बाद उपेक्षा का दंश झेल रहे लोगों की तस्वीर सामने आती है। निकाय क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने का दावा करने वालों के लिए यह वार्ड नजीर है। वार्ड के लोगों का कहना है कि बारिश का समय तो उनके लिए और भी कष्टकर होता है।
वार्ड की दुर्गति की ओर आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने नगर निगम आयुक्त का ध्यान दिलाया है। बताया गया है कि गंगापुर, नमनाकला में क्रीड़ा परिसर हॉस्टल के पीछे नालापारा-2 में कई मूलभूत समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं। नालापारा-2 में बरसात का पानी नाली नहीं होने के कारण घरों में घुस जाता है। बरसात में कीचड़, पानी के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। नालापारा-2 में सीसी रोड का निर्माण नहीं हो पाया है। 400 मीटर तक सीसी रोड और 600 मीटर नाली का निर्माण हो जाए तो वार्ड के लोगों को होने वाली दिक्कत से मुक्ति मिल सकती है। आजाद सेवा संघ ने वार्डवासियों की ओर से मांग करते हुए एक सप्ताह में नाली और सीसी रोड की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। समस्याओं की अनदेखी करने पर वार्ड वासियों के साथ उग्र प्रदर्शन करने कहा गया है। ज्ञापन सौंपते समय संघ के ग्रामीण महासचिव संजय बड़ा, अभिनव चतुर्वेदी, रवि गुप्ता, शुभम पटेल, सोनू सिंह, उगेश सिंह, विवेक दास, विवेक दास, प्रेम कुमार रवि, अंश कुर्रे, ललिता मिंज, सुमंती एक्का, कपमणी लकड़ा, कमला भगत, मीना केरकेट्टा, सोनू मांझी, सीता तिर्की, जलसु तिर्की, करन केरकेट्टा, रंजन मिंज, संजय बड़ा, राज कुजूर, गणेश, सुनील, राजेश, नागेश्वर उपस्थित रहे।

Categorized in: