अंबिकापुर। उदयपुर थाना के पुलिस चौकी केदमा अंतर्गत ग्राम जीवलिया की दो बहनें काव्या तिर्की (8) व सुशीला तिर्की (7) की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों का शव बांध के पानी में तैरते नहाने और मछली पकड़ने गए लोगों ने देखा और पुलिस चौकी केदमा में इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां स्वजनों के साथ 26 मई को शादी समारोह में शामिल होने गांव के करीब बस्ती में गई थी। दोपहर दो से चार बजे के बीच स्वजनों को बिना बताए दोनों बालिकाएं घर से निकली थी और वापस नहीं लौटीं। बच्चियों को नहीं देख स्वजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन उनका पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह घर के बगल में स्थित छोटे बांध में जहां कुछ लोग नहाने व मछली मारने जाते हैं, वहां दोनों का शव पानी में तैरते मिला। पुलिस चौकी केदमा के प्रभारी मनोज सिंह को इसकी सूचना दिन में 1 बजे मिली और वे स्टाफ के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। स्वजनों का अनुमान है कि दोपहर दो से चार बजे के बीच बांध में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ होगा। बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।

Categorized in: