रायपुर/1सितं.2020 -वरिष्ठ भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना काल में जब सरकार धन की कमी का बहाना कर अति आवश्यक जनहित कार्यो को भी रोक रही है, वहीं केवल अपने राष्ट्रीय नेतृव को खुश कर अपने नंबर बढ़ाने के लिए बिना बजट आबंटन, ड्राइंग डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी किये बिना ही छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन के केवल सामने वाले भाग का फोटो जारी कर शिलान्यास का कार्यक्रम सम्पन्न करा कर छत्तीसगढ़ वासियों एवं अपने राष्ट्रीय आलाकमान के आंखों में धूल झोंकने का कार्य किया है ।

श्री मूणत ने कहा कि ऐसे सैकड़ों जनहित के काम अभी छत्तीसगढ़ में अधूरे पड़े हैं, जिनका काम देर होने से उनका बजट बढ़ने लगा है, जिससे शासन पर भार बढ़ेगा ऐसे अधूरे जनहित के कार्य प्राथमिकता के आधार पूर्ण करना वर्तमान समय की माँग है। उन्होंने कहा कि एक सरकार के निरन्तर किये गए अच्छे काम ही उसके प्रचार का जरिया होते हैं, परंतु केवल टीवी एवं समाचार माध्यमों में सुर्खियां बटोरने के लिए इवेंट मैनेजमेंट करना अब इस सरकार की आदत बन चुकी है। ऐसा इसलिए भी कहना उचित है, क्योंकि शासन के प्रोटोकॉल के अनुसार वरिष्ठता क्रम में एक मुख्यमंत्री का स्थान सातवां होता है और एक सांसद का स्थान 21 वां होता है, फिर भी सभी मानदंड को धता बता कर किसी दूसरे राज्य के सांसद को मुख्यातिथि बनाकर शिलान्यास कराना अपने छत्तीसगढ़ राज्य के मुखिया की गरिमा को भी खंडित करने जैसा कृत्य प्रतीत हुआ है।

श्री मूणत ने कहा कि वैसे भी अब तक सरकार ने एक भी कार्य को समय पर पूरा कर लोकार्पित नहीं किया है। केवल सुर्खी बटोरना इस सरकार का एकमात्र लक्ष्य बन गया है।

Categorized in: