बतौली थाना प्रभारी की सक्रियता से चोरी की 17 मोटरसाइकिल सहित 05 शातिर चोर गिरफ्तार
“अर्पण” एक उम्मीद अभियान के तहत वाहनों को उनके मालिकों के सुपुर्द करेगी पुलिस

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। पुलिस के हाथ मोटरसाइकिल चोरी का एक ऐसा आरोपित लगा है जो रायपुर से मोटरसाइकिल चोरी करके सरगुजा जिले में खपा रहा था। पुलिस ने मामले में विक्रेता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, इनके कब्जे से 17 मोटरसाइकिल बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में “अर्पण” एक उम्मीद अभियान के तहत वाहनों को उनके मालिकों के सुपुर्द किया जाएगा।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के द्वारा सभी थाना, चौकी प्रभारियों को दोपहिया वाहनों की चोरी के मामले में प्रभावी नियंत्रण हेतु निर्देशित किया गया है। आरोपितों की पतासाजी व गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में जिले भर में टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय द्वारा थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल, स्कूटी की चोरी के प्रकरणों की तफ्तीश शुरू की गई। पुलिस आरोपित की पतासाजी हेतु बतौली रवाना हुए थे। इस दौरान बस स्टैंड बतौली के पास एक व्यक्ति बिना नम्बर की मोटरसाइकिल लेकर घूमते मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम श्याम साहू थाना मुंगेली बताया। संदिग्ध लगने पर उसे पुलिस थाना लाकर पूछताछ की तो उसने बाइक रायपुर के मौदहापारा से चोरी कर कनक साय निवासी बतौली के पास बिक्री करने के लिए आना बताया। आरोपित को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ में उसने पूर्व में रायपुर से चोरी कर कनक साय के पास 04 नग मोटरसाइकिल, रविदास के पास 04 मोटरसाइकिल, सुखराम नगेसिया के पास 03 मोटरसाइकिल, नवरंग साय के पास 01 मोटरसाइकिल बिक्री करना व 02 स्कूटी व 02 मोटरसाइकिल कनक साय के नए मकान में रखना बताया। आरोपित श्याम कुमार साहू से 01 नग मोटरसाइकिल पृथक से जब्त किया गया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने रवि कुमार दास, कनक साय पैकरा, सुखराम नगेसिया उर्फ लोरची, नवरंग साय नागेस, श्याम कुमार साहू के कब्जे से कुल 17 नग मोटरसाइकिल कीमत लगभग 11 लाख रुपये जब्त कर इन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक देवशरण सिंह, आरक्षक अंशुल शर्मा, फलेन्द्र पैकरा, अशोक भगत सहित बतौली पुलिस टीम सक्रिय रही।

Categorized in: