गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत केनवारीपारा से लगे खेत में भालू का शव मिला है। सुबह गांव के लोग घूमने निकले थे तो भालू का शव नजर आया। वाड्रफनगर और रघुनाथनगर से वन अधिकारी-कर्मचारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। अभी तक भालू की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस इलाके में भालुओं का स्वच्छंद विचरण होता रहा है। इंसानों पर हमला करने के साथ भालू आबादी क्षेत्र में घुसकर भोजन की तलाश करते रहे हैं। खासकर गन्ने की फसल को भालुओं द्वारा नुकसान पहुंचाया जाता है। अचानक व्यस्क भालू की मौत का कारण जानने के लिए आसपास तलाशी अभियान चलाने की जानकारी वन अधिकारियों ने दी है। फिलहाल खेत के आसपास ऐसा कुछ भी नजर नहीं आया है, जिससे सुनियोजित तरीके से भालू को मारा गया हो। आसपास के घरों की भी जांच वन अमल कराएगी। वन विभाग बारीकी से छानबीन में लगा है।

Categorized in: