0 बोली – पुलिस तक पहुंचाएं नशे के कारोबारियों की सूचना होगी सख्त कार्रवाई
0 एसपी ने ली मेडिकल स्टोर संचालकों की  बैठक


सूरजपुर। युवाओं के भविष्य की चिंता करते हुए इन्हें नशे से दूर रखने व नशे के  सौदागरों पर नकेल कसने इन दिनों जिले की पुलिस काफी सक्रियता से काम कर रही है। पुलिस की सख्त कार्रवाई का असर है कि अवैध कारोबार से जुड़े कई लोग अब सलाखों के पीछे है। प्रतिबंधित दवाइयों के सेवन करने और युवाओं पर हो रहे इसके दुष्प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा बुधवार को मेडिकल दुकान संचालकों की बैठक ली गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवा वर्ग में नशे की लत की लत बढ़ती जा रही है। नशे के कारण युवा वर्ग अपराध की ओर अग्रसर होता है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को अपनी जिम्मेदारी समझने की जरूरत है। हमें प्रयास करना चाहिए कि आज का युवा नशे का आदी न हो। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी मेडिकल स्टोर के संचालकों को प्रतिबंधित दवाइयों को किसी भी स्थिति में  डॉक्टर के पर्चे के बिना विक्रय ना करने को कहा है। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो पुलिस विभाग द्वारा व ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी मेडिकल संचालकों से अपेक्षित सहयोग करने और सभी दवाइयों की निर्धारित मात्रा  से अधिक मात्रा का भंडारण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा को स्वस्थ रखने और उन्हें नशे की चपेट से दूर रखने के लिए पुलिस विभाग प्रतिबद्ध है। मेडिकल स्टोर संचालकों के निर्धारित दायित्व भी हैं जिनका उन्हें पालन करना चाहिए। बैठक में मेडिकल संचालकों ने कहा कि हम मेडिकल स्टोर संचालक खुद नशे के खिलाफ है। ऐसे लोग जो नशा करते है या उन्हें नशे की सामग्री उपलब्ध कराते है उनके विरूद्व कार्यवाही में पुलिस को हर संभव सहयोग करने की बात कही।बैठक में सूरजपुर के 18 मेडिकल स्टोर के संचालक शामिल हुए। इस दौरान एएसपी मुख्यालय पीएस महिलाने, सीएचएमओ डॉ. आर.एस.सिंह, स्थापना प्रभारी अखिलेश सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर जयप्रकाश शर्मा, अमरेश तिर्की, बेनेडिक तिर्की आदि मौजूद थे।

0 75 हजार की नशीली इंजेक्शन के साथ नगर का एक युवक गिरफ्तार 
नशे के खिलाफ जिले की पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत बुधवार को मुखबीर की सूचना पर नगर के बड़कापारा का एक युवक बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ  पकड़ा गया है। बताया गया है कि सूचना पर दिव्यदीप सिंह को पचिरा तिराहा के पास पकड़ा गया जिसके कब्जे से रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 200 नग व एविल इंजेक्शन 100 नग* जप्त किया गया है। जिसकी बाजारू कीमत करीब 75 हजार रूपये है। मामले में आरोपी के विरूद्व कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर  गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसे पुलिस सरगर्मी से तलाश कर  रही है।

Categorized in: