गिरजाठाकुर

. अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में पांच साल पहले ब्याही युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा बना झूल गई। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है और जांच में जुटी है।जानकारी के मुताबिक सिलफिली निवासी माधुरी 25 वर्ष का विवाह अंबिकापुर के गांधीनगर थाना अंतर्गत सेवई फैक्ट्री के पास सुभाषनगर में रहने वाले एसईसीएल लटोरी में कार्यरत राहुल चंद्र माल से एक फरवरी 2017 को सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। मृतिका के पति का कहना है कि उसकी तीन वर्षीय बच्ची के कैंसर का इलाज पिछले 10 माह से मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है, इलाज के दौरान दो माह तक पत्नी माधुरी भी मुंबई में रही, इसके बाद वह फरवरी 2022 में वापस मायके सिलफिली आ गई थी। पत्नी की दिमागी स्थिति ठीक नहीं होने व उसे मुंबई में चिकित्सक को दिखाने की जानकारी भी पति के द्वारा दी जा रही है। राहुल चंद्र का कहना है कि 21 जून 2022 को वह बच्ची को लेकर अपने घर सुभाषनगर आ गया था, इसके बाद उसकी पत्नी भी ससुराल आ गई थी। मंगलवार की शाम वह घर आया तो सब कुछ ठीक-ठाक था। इसके बाद कुछ पौधे लगाकर वह बस स्टैंड में अपने दोस्त राहुल को छोडऩे के लिए चले गया। शाम को लगभग साढ़े पांच बजे कुछ खाने का सामान लेकर घर आया तो उसकी पत्नी नहीं दिखी। घर में खोजबीन के बाद जब वह ऊपरी माले में गया तो लोहे के पाइप में साड़ी का फंदा बना वह फांसी पर झूल रही थी। पास ही स्टूल रखा था। बहरहाल पुलिस ने मृतिका के शव का पोस्टमार्टम न्यायिक व फोरेंसिक अधिकारी की मौजूदगी में कराया है। मामले में मर्ग कायम कर केस डायरी गांधीनगर थाना पुलिस को अग्रिम जांच, कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा।  हत्या के बाद खुदकुशी का रूप दिया गया, नहीं थी मानसिक बीमार    मृतिका के मायके पक्ष से पिता सपन सरकार, भाई कपिल सरकार सहित अन्य स्वजनों ने मृतिका के पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनका कहना है कि राहुलचंद्र एसईसीएल में कार्यरत रहने के बाद भी ड्यूटी में नहीं जाता था। परिवार व कैंसर पीडि़त बच्ची का हवाला देकर कई बार उन्होंने एसईसीएल के अधिकारियों से हथजोड़ी विनती की जिससे उन्होंने उसे काम करने का मौका दिया, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। इनके द्वारा दूसरी महिला से शादी करने की बात कह सामाजिक रीति-रिवाज से ब्याही पत्नी को प्रताडि़त करने का भी आरोप लगाया गया है। मृतिका के भाई का कहना है कि विवाह के बाद से मानसिक, शारीरिक प्रताडऩा झेलते कैंसर पीडि़त बच्ची की देखभाल कर रही बहन खुदकुशी जैसा कदम नहीं उठा सकती है। इनके द्वारा हत्या के बाद शव को फांसी में लटकाने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं मृतिका के मानसिक रूप से बीमार होने की बात को उन्होंने एक सिरे से नकार दिया।रक्षाबंधन में आने वाली थी घरमृतिका के भाई कपिल ने बताया कि उसकी बहन कैंसर पीडि़त बच्ची को लेकर रक्षाबंधन में बच्चों को राखी बांधने के लिए घर आने वाली थी। इसके दो दिन पहले मायके में फोन करके उसने घर में रखे जेवर की मांग की थी। उन्होंने तत्समय इस बात को यह सोचकर गंभीरता से नहीं लिया कि रक्षाबंधन में घर आएगी तो अपना जेवर लेकर चली जाएगी लेकिन रक्षाबंधन के पहले भाइयों की कलाई सूनी छोड़ उसे दुनिया से विदा कर दिया गया। माधुरी के द्वारा फांसी लगा खुदकुशी करने की जानकारी मंगलवार की शाम 5.39 बजे उसके देवर रोहित ने दी थी। स्वजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Categorized in: