अंबिकापुर। प्रदेश के संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत की पहल पर मैनपाट महोत्सव में विश्व प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास और मशहूर सिंगर सोनू निगम पहुंचेंगे। महोत्सव हर वर्ष से अलग हो, इसे ध्यान में रखते हुए स्थानीय कलाकारों पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए हैं। बॉलीवुड गायक सोनू निगम 13 मार्च को अपनी धमाकेदार प्रस्तुति देंगे।
गौरतलब है कि आगामी 11, 12 व 13 मार्च को हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जाना है, जिसमें तीन दिनों तक स्थानीय, राज्य व देश के प्रख्यात व सुप्रसिद्ध कलाकार व कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। 11 मार्च को सुप्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की प्रस्तुति होगी, वहीं 13 मार्च को देश के प्रख्यात बॉलीवुड गायक सोनू निगम अपनी प्रस्तुति देंगे। तीन दिनों तक आयोजित होने वाले इस आयोजन की तैयारी जोर-शोर से चल रही है, इसमें राज्य के प्रसिद्ध कलाकार अनुज शर्मा, अल्का चंद्राकर, नासिर-निन्दर सूफियाना प्रस्तुति, ऐशवर्या पंडित बॉलीवुड सिंगर, सुनील मानिकपुरी छत्तीसगढ़ी, रजी मोहम्मद पियानिस्ट, संजय सुरीला, स्तुति जयसवाल, अजय अटापट्टू हास्य कलाकार, शिव झांकी, डांस ट्रूप जैसे रंगारंग सांस्कृतिक महोत्सव होंगे। संस्कृति मंत्री के निर्देशन व जिला कलेक्टर की पहल पर इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिले इसका हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।बैठक में मंत्री अमरजीत भगत ने कलेक्टर सरगुजा को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि आयोजन की राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बने ऐसा आयोजन किया जाए। पूरी तैयारियां उसी अनुरुप किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए देश के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग पर्यटन स्थल मैनपाट घूमने के दृष्टिकोण से आएं और यहाँ की कला, संस्कृति की झलक देखने का लुफ्त उठा सकें।

Categorized in: