अंबिकापुर। शांति का टापू छत्तीसगढ़ अपराधियों का गढ़ बन गया है, इस अंतर को प्रदेश की कांग्रेस की सरकार में लोग सहज ही महसूस कर रहे हैं। अमनपसंद राज्य की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी हो रही है, युवतियों, महिलाओं का मोबाइल लूटा जा रहा है, जघन्य अपराध हो रहे हैं, मुख्यमंत्री के निर्वाचन व गृहमंत्री के जिले में गोलीबारी हो रही है, सिपाही की पिटाई हो रही है, भय..आतंक के साथ जंगलराज की स्थिति बनी हुई है, लेकिन इससे छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार को कोई लेना-देना नहीं है। उक्त बातें भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा अमलेश्वर में हुई घटना की भारतीय जनता पार्टी घोर निंदा करती है। घटना के बाद सरकार ने अमानवीय कृत्य कर असंवेदना की पराकाष्ठा की है, उसे छत्तीसगढ़ के लोग हमेशा याद करेंगे। जिस प्रदेश के मुख्यमंत्री व मंत्रियों में संवेदना न हो, इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता।


उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ के लिए यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में उनकी मौजूदगी के बावजूद कुछ किलोमीटर के फासले पर लुटेरे एक सर्राफा दुकान में घुसकर कारोबारी पर दनादन गोलियां दागते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से फरार हो जाते हैं, क्योंकि पुलिस तो मुख्यमंत्री की सेवा में तैनात है। शर्मसार करने वाली बात यह है कि संवेदनशील घटना के बाद भी मुख्यमंत्री अपने कार्यक्रम में स्वागत कराते हैं और पीडि़त के स्वजनों से मिलने की संवेदनशीलता दिखाने के बजाय हेलीकॉप्टर से उड़ जाते हैं। गृहमंत्री थाने में रुककर समुचित निर्देश देने, पीडि़त परिवार के बीच जाने की जगह सायरन बजाते सीधे निकल जाते हैं। राज्य में अपराधों की बाढ़ आ गई है। मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के साथ दो अन्य मंत्रियों के जिले में सामूहिक नरसंहार हो रहा है। दिन-दहाड़े कारोबारी को दुकान में घुसकर लूटा जा रहा है और उसकी हत्या की जा रही है। जब मुख्यमंत्री सहित चार मंत्री अपने जिले को नहीं संभाल पा रहे हैं तो प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति क्या संभालेंगे। उन्होंने कहा हमारी राज्य सरकार से मांग है कि अपराधियों को पकडऩे के साथ लोगों की जान बचाने की पहल हो, अपराधी हमला करने से पहले पकड़े जाएं, प्रदेश में अपराध कम हो और प्रदेशवासी सुरक्षित, भयमुक्त माहौल में जीवन जी सकें। राज्य सरकार इस हेतु तत्काल कड़े कदम उठाए अन्यथा सभी सामूहिक रूप से त्यागपत्र दे दें। पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अभिमन्यु गुप्ता, मधुसुदन शुक्ला, संतोष दास, रूपेश दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।


नहीं पसीजा सरकार का कलेजा
अखिलेश सोनी ने कहा-मुख्यमंत्री के इलाके पाटन के अमलेश्वर में सर्राफा कारोबारी सुरेंद्र कुमार सोनी की हत्या के पूर्व कुम्हारी में एक परिवार की सामूहिक हत्या कर दी गई लेकिन सरकार का कलेजा नहीं पसीजा। पूर्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पाटन क्षेत्र में पांच लोगों की हत्या रहस्य बनकर रह गई। जशपुर में सामूहिक हत्याकांड हो गया। इसके पहले सीमावर्ती क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। बिलासपुर में ज्वेलरी शॉप में घुसकर सर्राफा कारोबारी पर गोलियां चलाई गई। बिलासपुर के ग्रामीण क्षेत्र में किराना दुकान पर रंगदारों ने दुकानदार के बेटे को गोली मार दी।


गैंगस्टर वसूली के लिए कर रहे धमाके
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा छत्तीसगढ़ प्रदेश में अपराधी तत्व निरंकुश हो गए हैं। अब तो झारखंड के गैंगस्टर भी छत्तीसगढ़ के कारोबारियों को वसूली के लिए धमाके करके धमका रहे हैं। हर रोज हत्या, अपहरण, दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, लूट, डकैती, चोरी, राहजनी जैसी वारदातें हो रही हैं। सट्टा का कारोबार शिखर पर है। गृहमंत्री को भी यह पता है कि कहां कौन सट्टा चला रहा है, लेकिन सत्ता पर सट्टा भारी पड़ रहा है। किसके संरक्षण में यह हो रहा है, यह विचारणीय प्रश्न है।


अफसरों के बंगले उगल रहे हीरा-सोना, नकदी
अखिलेश सोनी ने कहा कोयला चोरी के मामले आम हैं। कोयला परिवहन में प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली की कलई ईडी के छापे में खुल गई है। अफसरों के बंगले हीरा-सोना और नगदी उगल रहे हैं। बेहिसाब संपति के दस्तावेज इनके यहां मिल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कौन सा नेटवर्क है और इस पर किसका हाथ है जो छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है कि छत्तीसगढ़ को चला कौन रहा है।


अमनपसंद राज्य में हो कानून का राज्य
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा छत्तीसगढ़ में जिस प्रकार अपराधियों का बोलबाला नजर आ रहा है, इसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद सड़क पर उतरेगी। महाबंद, आंदोलन किया जाएगा। अमनपसंद राज्य में कानून का राज्य हो, यह भाजपा की मांग है। पहले इसी प्रदेश में आधी रात तक भयमुक्त वातावरण में लोग व्यापार करते थे, अब तो दिन-दहाड़े दुकान में घुसकर अपराधी गोली मार रहे हैं।

Categorized in: