अंबिकापुर। शंकर घाट मुक्तिधाम में रखा गया अस्थि कलश गायब हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक के स्वजन इस घटना से काफी परेशान हैं। कहना है कि उनके परिवार के सदस्य की अस्थियां थी उसका विसर्जन कैसे होगा। परेशान स्वजन ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अस्थि कलश दिलाने का आग्रह किया है।


नगर के अटल निवास मुक्ति पारा निवासी विशाल जायसवाल ने निगम आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि 23 सितंबर शुक्रवार को उसके पिता राम जयसवाल का स्वर्गवास हो गया था, जिन का अंतिम संस्कार शंकर घाट के मुक्तिधाम में किया गया। हिंदू रीति रिवाज अनुसार अस्थि विसर्जन करने हेतु कलश में रखकर मुक्ति धाम के लॉकर क्रमांक 5 में पंडित के समक्ष उन्होंने रखा था। लॉकर की चाबी वे स्वयं रखे थे। 29 सितंबर को अस्थि विसर्जन करने के लिए बनारस जाना था, जिसके लिए स्वजन शंकर घाट स्थित मुक्तिधाम में पहुंचे, जहां लॉकर पहले से खुला हुआ था और कलश गायब था। कलश के नही मिलने पर उन्होंने काफी पूछताछ की लेकिन पता नहीं चला। अस्थि कलश नहीं मिलने से वे बनारस में विसर्जन करने नहीं जा पा रहे हैं।स्वजनों ने अस्थि कलश का पता लगवा वापस दिलाने की मांग की है।

Categorized in: