महिंद्रा आने वाले कुछ सालों में कई सारी इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने वाली है। इनमें XUV.e9 और BE.05 मॉडल शामिल हैं। माना जा रहा है कि कंपनी 2024 की शुरुआत में देश में BE.05 लॉन्च करने वाली है। इस गाड़ी के लॉन्च से पहले ही कंपनी ने अपनी नई कार महिंद्रा BE.09 भी बिक्री के लिए उतार सकती है। BE.09 को हाल ही में भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। बता दें कि कंपनी ने पिछले साल अपनी 5 इलेक्ट्रिक SUVs पेश की थीं। ये सभी इलेक्ट्रिक वाहन (EV) कंपनी के नए INGLO EV स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएंगी हैं।

महिंद्रा इन इलेक्ट्रिक SUVs की बिक्री दो नए उप-ब्रांड XUV.e और BE (बोर्न इलेक्ट्रिक) के जरिए करेगी। महिंद्रा ने XUV.e के तहत दो मॉडल XUV.e8 और XUV.e9, जबकि BE में 3 मॉडल BE.05, BE.07 और BE.09 पेश किए हैं। देश में महिंद्रा BE.09 की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही सामने आएगी। माना जा रहा है कि इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए हो सकती है।

महिंद्रा BE.09 का डिजाइन, स्पेसिफिकेशंस और फीचर्स

महिंद्रा BE.09 कंपनी की एक बोर्न इलेक्ट्रिक कार है। इसे नए INGLO EV स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। सामने की तरफ से यह कार महिंद्रा XUV300 से काफी मस्कुलर लगती है। पीछे का डिजाइन मर्सिडीज बेंज GLE कूपे के समान है। इसके बंपर पर हेडलैंप्स और अट्रैक्टिव बोनट दिया है। इसमें डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) भी मिलेंगे। इस इलेक्ट्रिक कार की लंबाई 4740mm, चौड़ाई 1900mm और ऊंचाई 1760mm है।

महिंद्रा अपनी इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक SUV में 80kWh बैटरी पैक का इस्तेमाल करेगी। इसका पावर आउटपुट 230PS से 350PS तक होगा। एक बार चार्ज करने पर यह 500Km का सफर तय कर पाएगी। इसमें फॉक्सवैगन के MEB इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म में इस्तेमाल किए जा रहे बैटरी सेल और इलेक्ट्रिक मोटर्स को शामिल किया जा सकता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली बैटरी और मोटर के कई पार्ट्स को फॉक्सवैगन की फैक्ट्री से इम्पोर्ट किया जाएगा।

इस इलेक्ट्रिक कार में पैनोरमिक सनरूफ के साथ 5-सीटर या 7-सीटर प्रीमियम केबिन, 2-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर और इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन दिए जा सकते हैं। इसमें सोनी 3D ऑडियो सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एंड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। सेफ्टी के लिए ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेक, क्रूज कंट्रोल, 7 एयरबैग, EBD के साथ एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और स्मार्ट पायलट असिस्टेंस मिल सकता है।

Categorized in: