बोले-छतीसगढ़ की सोच संस्कृति और स्वाभिमान से नफरत करती है भाजपा
0 प्रदेश की तरक्की व  खुशहाली पर थूकने की बात से भाजपा का चाल चरित्र व चेहरा हुआ उजागर

सूरजपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी द्वारा बस्तर से मां दंतेश्वरी की धरती पर की गई असंयमित बयानबाजी को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी डॉ जे पी श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, प्रदेश सचिव नरेश राजवाड़े, जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता रामकृष्ण ओझा, ब्लाक अध्यक्ष अश्विनी सिंह, शहर अध्यक्ष संजय डोसी, युंका जिलाध्यक्ष जफर हैदर ने सीधे सीधे छत्तीसगढ़ की जनता व 2018 के विधानसभा चुनावों में जनता के जनादेश का अपमान निरूपित करते हुये कहा है कि छत्तीसगढ़ में जनता के विश्वास से कांग्रेस ने  जनादेश अर्जित किया है और भाजपा जनता द्वारा ख़ारिज की जा चुकी है।

पुरंदेश्वरी का बयान राज्य की जनता के जनादेश का अपमान है। छतीसगढ़ भाजपा की प्रभारी ने इस पर थूकने की जो बात की है, उसका सीधे सीधे मतलब यह है कि छतीसगढ़ की सोच संस्कृति और स्वाभिमान से भाजपा नफरत करती है। छत्तीसगढ़ की जनता ने अपना विश्वास भरोसा जिस सरकार को सौंपा है, उस पर ये थूकने की बात कर रहे है। सच तो यह है कि जो दिमाग़ में होता है वही ज़बान पर आता है। भारतीय जनता पार्टी की प्रभारी लोकतांत्रिक ढंग से चुनी सरकार के बारे में थूक कर बहा देने जैसे शब्दों का प्रयोग कर भारत के लोकतंत्र के प्रति भी अविश्वास और नफरत प्रदर्शित कर रही है। उनका यह बयान देश के संविधान का भी अपमान है।

जनता का विश्वास उसकी आस्था दिल से जुड़ी है। छतीसगढ़ की जनता ने अपने दिल से कांग्रेस पर भरोसा जताया है और छत्तीसगढ़ की सरकार उस पर खरा उतर रही है।  छतीसगढ़ की अस्मिता पहचान और स्वाभिमान को संजो कर गाँव गरीब किसान मजदूर जंगलो में रहने वालो के साथ मिल कर कांग्रेस की सरकार द्वारा नवा छतीसगढ़ को दिल से गढ़ा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि पिछले पंद्रह सालो में भाजपा ने दिमाग़ से छतीसगढ़ में राज तो किया और छतीसगढ़ के दिल को रौंदा। अब छतीसगढ़ के लोग सच्चाई बखूबी समझ गये है। भाजपा छत्तीसगढ़ की जनता पर थूके या रौंदे, छत्तीसगढ़ के लोग बीजेपी को समझ चुके है। बीजेपी को उसकी सही जगह दिखा चुके है और दिखाते रहेंगे। यही छत्तीसगढ़ का संकल्प है। यही छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान है। भाजपा का चाल और चरित्र जगजाहिर हो चुका है संस्कार की दुहाई देने वाले पार्टी के नेता कितने संस्कारवान है यह जनता जान चुकी है। छत्तीसगढ़ की जनता अपना अपमान कभी नहीं भूलेगी और इसके परिणाम भाजपा को इतने गर्त में ले जाने वाले होंगे की चिंतन शिविर में नाचनेवाले भाजपा के नेता इसका अंदाज़ा नही लगा सकते।

Categorized in: